बिलासपुर के पंखों को मिली नई उड़ान : बिलासा एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग का सफल ट्रायल, अब 24 घंटे शुरू हो सकेगी विमान सेवा

बिलासपुर: न्यायधानी बिलासपुर के बिलासा देवी केवट हवाई अड्डा (चकरभाटा) के विस्तार और आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। शुक्रवार को एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग (Night Landing) का सफल परीक्षण किया गया, जिससे अब यहां रात में भी विमानों के उतरने का रास्ता साफ हो गया है।

स्टेट प्लेन से हुआ सफल परीक्षण
बिलासा एयरपोर्ट की हवाई पट्टी पर अंधेरा होने के बाद स्टेट प्लेन ने सुरक्षित लैंडिंग की। इस ट्रायल के दौरान रनवे पर स्थापित नई लाइटिंग प्रणाली और अन्य तकनीकी उपकरणों की बारीकी से जांच की गई।
रनवे लाइटिंग सिस्टम : रात के समय रनवे की दृश्यता और लाइटों का अलाइनमेंट।
एप्रोच लाइट्स : विमान को रनवे की ओर गाइड करने वाली लाइटों की सटीकता।
एयर ट्रैफिक कोऑर्डिनेशन (ATC) : विमान और कंट्रोल टावर के बीच का तालमेल।
VFR से IFR में हुआ अपग्रेड
यह ट्रायल इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि बिलासपुर एयरपोर्ट अब VFR (Visual Flight Rules) से IFR (Instrument Flight Rules) श्रेणी में अपग्रेड हो गया है।मतलब साफ़ है पहले पायलट को केवल देखकर (Visual) विमान उतारना पड़ता था, जिससे खराब मौसम या रात में दिक्कत आती थी। अब इंस्ट्रूमेंट्स की मदद से पायलट कम विजिबिलिटी और रात के समय भी सुरक्षित लैंडिंग कर सकेंगे।
बड़े अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ ट्रायल
इस ऐतिहासिक पल के गवाह छत्तीसगढ़ के कई वरिष्ठ अधिकारी बने। ट्रायल के दौरान एयरपोर्ट डायरेक्टर, क्षेत्रीय निदेशक (नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो, रायपुर) सहित एयरपोर्ट के अन्य तकनीकी विशेषज्ञ और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। सभी ने सुरक्षा मानकों और तकनीकी व्यवस्थाओं को सराहा।
यात्रियों को क्या होगा फायदा?
24×7 कनेक्टिविटी : अब बिलासपुर से रात की उड़ानें भी संभव हो सकेंगी।
खराब मौसम में राहत : कोहरे या बारिश के दौरान उड़ानों के रद्द होने की संभावना कम होगी।
बड़े शहरों से जुड़ाव : दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे महानगरों से देर शाम की फ्लाइट्स अब सीधे बिलासपुर आ सकेंगी।
अंबिकापुर और बिलासपुर से सीधे दिल्ली की फ्लाइट!.. नहीं जाना पड़ेगा रायपुर
सरगुजा जिले के माँ महामाया दरिमा एयरपोर्ट से लंबे समय से बंद पड़ी हवाई सेवा एक बार फिर बहाल होने की तैयारी में है। इसके लिए अलायंस एयर ने एयरपोर्ट अथॉरिटी से अनुमति मांगी है। प्रस्ताव के अनुसार अब दिल्ली से सीधे विमान सेवा शुरू की जाएगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
ये होगा विमान का फ़्लाइंग रुट
बताया जा रहा है कि एलायंस एयर सप्ताह में दो दिन यहां से उड़ान संचालित करेगी। तय शेड्यूल के अनुसार सोमवार को दिल्ली से बिलासपुर, बिलासपुर से अंबिकापुर और अंबिकापुर से दिल्ली तक फ्लाइट संचालित होगी। वहीं बुधवार को दिल्ली से अंबिकापुर, अंबिकापुर से बिलासपुर और फिर बिलासपुर से दिल्ली तक विमान सेवा दी जाएगी।
जानें कितना होगा दिल्ली का किराया
संभावना है कि इस रूट पर 72 सीटों वाले एटीआर विमान का संचालन किया जाएगा।किराया लगभग 4500 से 6000 रुपये के बीच रहने का अनुमान है। इससे आम यात्रियों को भी हवाई यात्रा का विकल्प आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।
फेल रही फ्लाइबिग की उड़ान सेवा
गौरतलब है कि पहले भी अंबिकापुर के माँ महामाया एयरपोर्ट से Flybig द्वारा 19 सीटर विमान सेवा शुरू की गई थी, लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं चल सकी। विमान की कमी, सही रूट चयन न होना और अनियमित संचालन इसके प्रमुख कारण रहे। अब उम्मीद जताई जा रही है कि मार्च के अंतिम सप्ताह से नई सेवा शुरू होने पर सरगुजा संभाग के लोगों को सीधा दिल्ली से जुड़ने का लाभ मिलेगा।






