बिलासपुर संभाग

नरगोड़ा को मिली बड़ी सौगात : 12.44 लाख की लागत से उचित मूल्य दुकान भवन निर्माण का भूमि पूजन, वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी

ग्रामीणों को सम्मानजनक और सुव्यवस्थित सुविधा देना हमारी प्राथमिकता, नया भवन बनेगा पारदर्शी राशन व्यवस्था का मजबूत आधार — सरस्वती सोनवानी,

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– सीपत क्षेत्र के ग्राम पंचायत नरगोड़ा के ग्रामीणों की वर्षों से लंबित बहुप्रतीक्षित मांग शुक्रवार को आखिरकार पूरी हो गई। जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती सोनवानी की अनुशंसा पर 12 लाख 44 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नवीन उचित मूल्य दुकान भवन निर्माण कार्य का भूमि पूजन कार्यक्रम हर्ष, उल्लास और श्रद्धा के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण पहल से ग्राम नरगोड़ा में विकास की नई इबारत लिखी जाने लगी है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती सोनवानी रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनीता विजय गुप्ता, सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव, बलराम पाटनवार, इंजीनियर संजय पटेल, गजेन्द्र केवट एवं हरदीप सूर्या विशेष रूप से उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया और ग्राम विकास की दिशा में इस महत्वपूर्ण कदम की सराहना की। मुख्य अतिथि श्रीमती सरस्वती सोनवानी ने अपने संबोधन में कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य दुकान का सुदृढ़ एवं व्यवस्थित भवन बनने से राशन वितरण व्यवस्था अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारु होगी, जिससे ग्रामीणों को बेहतर सुविधा और सम्मानजनक वातावरण मिलेगा।

नरगोड़ा के विकास की दिशा में यह ऐतिहासिक पहल, नया भवन ग्रामीणों को देगा बेहतर सुविधा और मजबूत करेगा जनकल्याण व्यवस्था— अनीता विजय गुप्ता , जनपद सदस्य

जनपद सदस्य प्रतिनिधि अनीता विजय गुप्ता ने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि ग्राम के विकास और ग्रामीणों की सुविधा का मजबूत आधार है। इससे ग्रामीणों को अब राशन वितरण में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

ग्रामीणों को बेहतर सुविधा देना हमारी प्राथमिकता, शासन की योजनाओं का लाभ हर घर तक पहुंचे — दीपक शर्मा भाजपा मंडल अध्यक्ष

सीपत भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने अपने जोरदार संबोधन में कहा कि नरगोड़ा के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग आज पूरी होना हम सभी के लिए गर्व और संतोष का विषय है। भाजपा सरकार गांव, गरीब और जरूरतमंदों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि शासन की हर योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलें। आने वाले समय में भी ग्राम नरगोड़ा के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। अन्य अतिथियों ने भी ग्राम के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास करने और ग्रामीणों की हर आवश्यक मांग को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामवासी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए शासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे ग्राम के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं साल भेंट कर सम्मान किया गया। आभार प्रदर्शन सरपंच कविता मरावी ने किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव विनोद श्रीवास एवं परमेश्वर श्रीवास ने किया। इस अवसर पर रोजगार सहायक सुभद्रा गोस्वामी, उपसरपंच संगीता, पंच ओमप्रकाश, प्रमित कोरी, नारायण, देवचरण, अभिषेक, परमेश्वर, शिव, संतोष, रीता, हीरालाल, मनोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। नरगोड़ा में उचित मूल्य दुकान के नवीन भवन निर्माण से ग्रामीणों को अब बेहतर सुविधा, पारदर्शिता और व्यवस्थित राशन वितरण व्यवस्था का लाभ मिलेगा, जिससे ग्राम के विकास को नई गति मिलेगी।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button