रायपुर पुलिस के इस आदेश से सिंधी समाज में आक्रोश, भेदभाव का लगाया आरोप


रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था और यातायात को सुगम बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों, विशेषकर जयस्तंभ चौक और उसके आसपास के मार्गों पर किसी भी प्रकार के जुलूस, शोभायात्रा और प्रदर्शन पर दो महीने का प्रतिबंध लगा दिया है। इस फैसले के बाद से शहर के सिंधी समाज में भारी आक्रोश देखा जा रहा है, क्योंकि अगले महीने उनका प्रमुख पर्व चेट्रीचंड्र आने वाला है।
किन रास्तों पर लगा है प्रतिबंध?
पुलिस कमिश्नर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक निम्नलिखित मार्गों पर किसी भी प्रकार की रैली या धरना प्रदर्शन वर्जित रहेगा:
जी.ई. रोड: शारदा चौक से जयस्तंभ चौक होते हुए शास्त्री चौक तक
मालवीय रोड: जयस्तंभ चौक से कोतवाली चौक तक
सदर बाजार: कोतवाली से सत्तीबाजार चौक तक
एम.जी. रोड: गुरुनानक चौक से शारदा चौक तक
देखे आदेश


क्यों लिया गया यह फैसला?
यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी किया गया है। पुलिस उपायुक्त (मध्य) के प्रतिवेदन के आधार पर यह निर्णय लिया गया, जिसमें बताया गया कि अति व्यस्त मार्गों पर जुलूसों के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो जाता है।आम नागरिकों और आपातकालीन सेवाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है।कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इन इलाकों को सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
सिंधी समाज का विरोध: “यह भेदभावपूर्ण है”
इस आदेश के बाद सिंधी समाज के पदाधिकारियों ने मोर्चा खोल दिया है। छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत के प्रदेश प्रवक्ता ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा “अगले महीने चेट्रीचंड्र का महापर्व है, जिसमें हजारों की संख्या में समाज के लोग जुटते हैं। ठीक त्यौहार से पहले ऐसा आदेश आना समझ से परे है। चूंकि प्रतिबंध केवल 2 महीने के लिए लगाया गया है, इससे साफ प्रतीत होता है कि यह केवल हमारे जुलूस को रोकने की कोशिश है। यह सिंधी समाज के साथ सीधा भेदभाव है।” समाज के प्रतिनिधियों ने इस विषय में पुलिस के आला अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है और आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
कब तक लागू रहेगा आदेश?
यह प्रतिबंध 25 फरवरी 2026 से प्रभावी हो गया है और अगले दो महीनों तक लागू रहेगा। पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे शहर की शांति और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।








