वैदिक महाविद्यालय में रंगोत्सव की धूम , रंगों की फुहार में सराबोर होलियाना मस्ती में जमकर झूमे छात्र-छात्राएं
विद्यार्थियों में जमकर उत्साह , भाईचारे और उत्साह के संग मनाया रंगोत्सव


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– वैदिक महाविद्यालय सीपत में शनिवार को रंगों का उल्लास देखते ही बन रहा था। पूरा परिसर होली के रंगों में सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने उत्साह और उमंग के साथ रंगोत्सव मनाते हुए एक-दूसरे को गुलाल लगाया और होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। सुबह से ही महाविद्यालय का वातावरण होलियाना रंग में रंग गया था। ढोल-नगाड़ों और बाजे की थाप पर छात्र-छात्राएं जमकर थिरके। हवा में उड़ते गुलाल और चेहरे पर खिली मुस्कान ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। हर ओर रंगों की बौछार और मित्रता का संदेश दिखाई दे रहा था। रंगोत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने आपसी प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का परिचय देते हुए एक-दूसरे को गले लगाया। महाविद्यालय परिवार ने सभी को सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण होली मनाने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी एकता, स्नेह और सकारात्मक ऊर्जा का उत्सव है।
पूरा परिसर देर तक “होली है!” के उल्लासपूर्ण नारों से गूंजता रहा और रंगोत्सव की यह छटा विद्यार्थियों के लिए यादगार बन गई।





