Chhattisgarh : मिड डे मील के चावल का सरेआम खेला करते पकड़े गए प्रधानपाठक, कार की डिक्की में…


छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के विकासखंड ओड़गी के ग्राम रामपुर स्थित माध्यमिक शाला में मध्याह्न भोजन के चावल को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने स्कूल के प्रधानपाठक पर मध्याह्न भोजन का चावल वाहन में भरकर ले जाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत विकासखंड शिक्षा अधिकारी और पुलिस से की गई है।
कार की डिक्की में मिले दो बोरी चावल
मिली जानकारी के अनुसार तीन मार्च की शाम करीब 6.15 बजे स्कूल परिसर से मध्याह्न भोजन का लगभग दो बोरी चावल कार में लोड कर ले जाया जा रहा था। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिलने पर सरपंच प्रतिनिधि सहित कुछ लोगों ने वाहन को रोकने की कोशिश की। वाहन नहीं रुकने पर ग्रामीणों ने पीछा कर उसे गांव में ही रोक लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन की डिक्की खुलवाकर देखने पर उसमें दो बोरी चावल पाया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने इस संबंध में पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर मामले की सूचना ओड़गी थाना पुलिस और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी गई।
उचित मूल्य दुकान में बेचने के आरोप
ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि उचित मूल्य दुकान के विक्रेता से पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि उसी दिन स्कूल के लिए चार बोरी चावल उठाया गया था। मामले में ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी ओड़गी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि घटना की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। प्रथम दृष्टया यह चोरी का मामला प्रतीत हो रहा है। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








