यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफल प्रदेश के अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉल के जरिए दी बधाई


रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संघ लोक सेवा आयोग की UPSC Civil Services Examination में सफलता हासिल करने वाले प्रदेश के अभ्यर्थियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद किया। सीएम ने सभी सफल उम्मीदवारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनकी उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताया।
सफल अभ्यर्थियों से किया संवाद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दौरान खरसिया (रायगढ़) निवासी रौनक अग्रवाल, रायपुर निवासी संजय डहरिया, धमतरी जिले के परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव और एमसीबी जिले के जनकपुर निवासी दर्शना सिंह से बातचीत की। उन्होंने इस उपलब्धि पर सभी अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके परिवारजनों से भी संवाद किया और उनकी मेहनत की सराहना की।
मेहनत की आग में जो खुद को तपाते हैं,
— Vishnu Deo Sai (@vishnudsai) March 7, 2026
वही एक दिन इतिहास बनाते हैं।
हमारे प्रदेश के होनहार युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त की है। इन प्रतिभावान युवाओं में से कुछ बेटे-बेटियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद किया। सभी के चेहरों पर मेहनत,… pic.twitter.com/aQ5wFnYYSP
युवाओं की सफलता प्रदेश के लिए गौरव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सभी युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और धैर्य के बल पर सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि निरंतर परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को हासिल किया जा सकता है।
दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कमी नहीं
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ से युवाओं का सिविल सेवा में चयन होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे यह साबित होता है कि प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और यहां के युवा अपनी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
राष्ट्र निर्माण में निभाएंगे महत्वपूर्ण भूमिका
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि लाखों विद्यार्थियों के सपनों को नई दिशा देने वाली प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी प्रतिभाशाली युवा प्रशासनिक सेवाओं में रहते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।








