अफीम की खेती करने वाला भाजपा नेता विनायक ताम्रकार सस्पेंड, ग्रामीणों संग भूपेश बघेल पहुंचे खेत


दुर्ग में भाजपा नेता के खेत में अफीम की अवैध खेती पकड़े जाने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मौके पर पहुंचे। भारी संख्या में ग्रामीण भी खेत में पहुंच गए, जिन्हें पुलिस ने रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों में झूमाझटकी हो गई। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है। वहीं भाजपा ने बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार को सस्पेंड कर दिया है।इसका आदेश भी जारी किया गया। है।


भूपेश बोले- आरोपी रसूखदार, अबतक गिरफ्तारी नहीं
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि विनायक ताम्रकर का फार्महाउस सैकड़ों एकड़ में फैला हुआ है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के मुताबिक करीब 150 एकड़ भूमि पर विनायक ताम्रकर का कब्जा है, जिसमें चारागाह की जमीन भी शामिल है।
भूपेश बघेल ने कहा कि प्रशासन को अफीम की खेती और अतिक्रमण दोनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी का रसूख इतना है कि गृहमंत्री को फोन आता है और गांव के सरपंच को रात में बिना अपराध के गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया जाता है। आरोपी का सांसद, विधायक और कलेक्टर के साथ उठना बैठना है जिसके कारण प्रशासन के नाक के नीचे ही अवैध खेती की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले पंजाब और अन्य राज्यों से नशा सप्लाई होती थी, लेकिन अब दुर्ग जिले में ही अफीम की खेती शुरू हो गई है। उन्होंने मांग की कि इसकी नेटवर्क कहां तक फैली है, इसकी जांच होनी चाहिए। इसके अलावा, विधानसभा में इस मामले पर स्थगन प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी भी की जाएगी।
जो ग़लत है, वो सबके लिए ग़लत है
वहीं मामले को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि ऐसा मैंने भी समाचार पत्रों में पढ़ा है, अभी देखा जाएगा कि आरोपी वर्तमान में कौन से पद में है। उन्होंने कहा कि जो ग़लत है, वह ग़लत कांग्रेस-भाजपा देखना ही नहीं है। ज्ञात हो कि दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार की खेत में अफीम की खेती पकड़ी गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब 7 एकड़ में मक्के की फसल के बीच अफीम की खेती कर रहा था।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, ग्राम समोदा और झेंजरी के बॉर्डर पर स्थित खेत में अफीम की खेती मिली है। यह खेत ग्राम झेंजरी में आता है। खसरा नंबर 310 की इस जमीन के भूमि स्वामी मधुमति ताम्रकार और प्रीति बाला ताम्रकर पिता सीताराम बताए गए हैं।
इस खसरे में कुल 9 एकड़ 92 डिसमिल जमीन है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, करीब 4 से 5 एकड़ में अफीम की खेती की गई है। मौके पर पहुंची पुलिस को फिलहाल डेढ़ से दो एकड़ जमीन पर अफीम की फसल दिखाई दी है। देखे कांग्रेस प्रवक्ता आरपी सिंह द्वारा शेयर किया गया वीडियों
मक्के की फसल के बीच बोई गई अफीम
पूरे खेत में करीब 4 से 5 एकड़ में मक्के की फसल लगी हुई है। इसी फसल के बीच लंबे समय से अफीम की खेती की जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो। सूचना मिलने के बाद एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई और मौके पर छापेमारी की गई।
पुलिस को मक्के की फसल के बीच अफीम के पौधे लगे मिले। पुलिस ने मौके पर तहसीलदार और आरआई को बुलाया। अफीम की संभावित कीमत का आकलन भी किया जा रहा है, जो शुरुआती अनुमान में करोड़ों रुपए बताई जा रही है।








