छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे’…शहर से लेकर देहात तक होलीमय : गलियों में नजर आया ‘होली का हुड़दंग’, सड़कों पर निकली ‘मस्तानों की टोलियां’, बोले- ‘बुरा न मानों होली है’

केशव पाल @ तिल्दा-नेवरा | रंगों का पर्व होली त्यौहार पर इस बार उत्साह पूरे शबाब पर रहा। हर कोई होली के रंग में डूबे नजर आए। जगह-जगह रंगोत्सव की धूम रही। इस बार होली को लेकर युवाओं में जहां खासा जोश नजर आया। वहीं बच्चों में भी गजब का उत्साह देखा गया। इसके लिए युवाओं ने कमरतोड़ तैयारी भी कर रखी थी। रंग-बिरंगी पिचकारी चलाकर बच्चों ने भी खूब धमाल मचाया। बाल्टी में रंग घोलकर बच्चों की टोलियां एक-दूसरे पर रंग छिड़ककर खूब उछलकूद मचाए। कहीं रंगों की होली गई तो कहीं फूलों की। घर से लेकर बॉर्डर तक लोग होली के रंग से सराबोर रहा। रंग-बिरंगे रंगों में रमा शहर की सड़कों पर मस्तानों की टोली निकली और गलियों में होली का हुड़दंग करते नजर आए। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे पर अबीर, रंग गुलाल लगाकर होली की मुबारक दिए। शहरों में जहां अनेक स्थानों पर होली की महफिल सजी थी वहीं गांव की गली-मोहल्लों में भी होली का हुड़दंग करते हुए बच्चों की टोलियां रंगों की बौछार खूब उड़ेलें। हर जगह गली-मोहल्लों और चौक चौराहों पर युवाओं और मस्तानों की टोलियां उछलकूद करते और मस्ती में झूमते नजर आए। जगह-जगह देर रात तक होली की धूम रही। रंगों और उमंगों का उल्लास सुबह से ही नजर आया। रंगों की इन्द्रधनुषी छटा और गुलाबी रंग में पूरा गांव-शहर रंगा हुआ था। चारो ओर बुरा न मानो होली है की गूंज गूंजती रही। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों पर भी होली का खुमार छाया रहा। गांव-शहर की फिजा में होली का रंग इस कदर चढ़ चुका था कि हर कोई होली के उल्लास व उमंग में डूबा नजर आया। जब फिजा में होली का रंग व तराने घुल गए तो हर किसी ने हाथ उड़ेलकर रंगों की बौछार उड़ाई। इस बार की होली में पुरानी रंगत लौटी है। बुधवार सुबह से ही सड़कों पर होली का जुनून देखते ही बन रहा था। मोहल्लों में डीजे में डांस चल रहा था तो ऊपर से रंग-बिरंगे पानी की बौछार से माहौल होलीमय हो गया था। युवाओं की टोलियां गलियों में निकली अौर रंग गुलाल उड़ाते हुए नाचते झूमते नजर आए। हर कोई अपने-अपने अंदाज में होली सेलिब्रेट करते नजर आए।

गलियों में सुबह से ही नजर आया होली का उत्साह, देर रात तक चला

गली-मोहल्लों में सुबह से ही होली का हुड़दंग शुरू हो गया था। गली-मोहल्लों में बज रहे डीजे की धुन में विधुन युवा रंग बरसे भीगे चुनर वाली रंग बरसे गाने पर खूब डाँस किए। युवाओं की टोलियां ढोल नंगाड़ों के साथ फाग गीतों पर भी खूब रंग जमा दिए। हर जगह चौक चौराहों पर युवाओं और मस्तानों की टोलियां नजर आई। मंगलवार रात को होलिका दहन हुआ और बुधवार को रंगोत्सव की छटा बिखरी। होलिका दहन के पूर्व लोगों ने होलिका की पूजा कर परिवार के सुख और आरोग्य की कामना की। बुधवार को सुबह से ही धुलेंडी रंगोत्सव पर्व पूरे हर्षोल्लास से मनाया गया। गलियों से लेकर चौबारों तक होली की हुड़दंग के संग मस्ती के रंग छाया रहा। मंदिरों में भगवान को भक्तों ने रंग अर्पित किया और धुलेंडी पर रंग अर्पित कर उत्सव को विराम दिया गया। बाहर रह रहे लोग भी त्यौहार मनाने अपने गांव आए हुए थे। 

कहीं नंगाड़े की थाप पर झूमे, तो कहीं डीजे की धुन में थिरके युवा

युवाओं से लेकर बच्चे और बुजुर्गों पर भी होली का रंग छाया रहा। ढोल, नंगाड़े और डीजे की थाप पर थिरकते हुए लोगों ने जमकर होली खेली। फाग गीत गाकर लोगों ने परंपरा का निर्वहन भी किया। इस दौरान हर क्षेत्र में पर्व का अलग-अंदाज नजर आया। लोगों ने अपने मित्रों को रंगने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उत्साह से सराबोर शहर से लेकर देहात तक में भी होली पर इस बार उत्साह चरम पर था। जहां लोगों ने मोहल्लों में जगह-जगह फाग गीत गाकर खूब रंग गुलाल उड़ाए। वहीं सोशल मीडिया पर भी होली ट्रेड करता रहा। होली पर्व पर घर-घर में छत्तीसगढ़ी व्यंजनों की महक भी उड़ती रही। 

ख़बर को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button