छत्तीसगढ़बस्तर संभागबिलासपुर संभागरायगढ़ संभागरायपुर संभागसरगुजा संभाग

छत्तीसगढ़ के मौसम में बदलाव, रायपुर धमतरी में गिरे ओले, आज 19 जिलों में होगी बारिश

छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच सोमवार को कई जिले में बारिश और ओलावृष्टि हुई है। गरियाबंद जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक झुलस गया। धमतरी जिले के मगरलोड, नगरी और कुरुद तीनों क्षेत्र में ओले गिरे। वहीं, सरगुजा के उदयपुर सहित कई इलाकों में भी बारिश हुई है।

राजधानी रायपुर में भी सोमवार देर रात तेज हवाओं के साथ तेज बारिश हुई। इस वजह से कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। वहीं मौसम विभाग ने देर रात प्रदेश के बड़े हिस्से में येलो अलर्ट जारी किया है। सरगुजा और बिलासपुर संभाग सहित प्रदेश के कुल 19 जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

जारी अलर्ट के मुताबिक इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

इन जिलों के लिए चेतावनी-

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में इन क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है-

सरगुजा संभाग: संभाग के सभी जिले। बिलासपुर संभाग: संभाग के सभी जिले। अन्य जिले: रायपुर, बलौदाबाजार, राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, नारायणपुर और सुकमा।

क्यों बदला मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक छत्तीसगढ़ होकर गुजर रही द्रोणिका (ट्रफ लाइन) के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है। इसी सिस्टम के असर से प्रदेश के ऊपर बादलों का निर्माण हो रहा है, जिससे अंधड़, गरज-चमक और बारिश की स्थिति बन रही है।

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कैसा रहा मौसम

पिछले 24 घंटे में प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 40.5°C राजनांदगांव में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया।

रायपुर का मौसम

रायपुर में 17 मार्च को आसमान में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 38°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रह सकता है।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button