छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

रायपुर में दर्दनाक हादसा: रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में सेप्टिक टैंक में उतरे तीन मजदूरों की मौत, बाहर बवाल

रायपुर। राजधानी के रामकृष्ण हॉस्पिटल के सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। तीनों रायपुर के सिमरन सिटी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, रामकृष्ण हॉस्पिटल के सेप्टिक टैंक की सफाई के लिए तीनों मजदूरों को अंदर उतारा गया था। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस की वजह से एक-एक कर तीनों की हालत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

नियमों की अनदेखी का आरोप

घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मजदूरों को सेप्टिक टैंक में उतारा गया। अस्पताल प्रबंधन ने खर्च बचाने के लिए नियमों की अनदेखी की। प्रशिक्षित कर्मचारियों की बजाय सामान्य मजदूरों से सफाई कराई गई। अगर सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा टाला जा सकता था।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे परिजन
जानकारों के अनुसार, सेप्टिक टैंक की सफाई बेहद जोखिम भरा काम होता है, जिसे आमतौर पर नगर निगम या प्रशिक्षित टीम द्वारा आधुनिक उपकरणों और सुरक्षा किट के साथ किया जाता है। इसमें गैस डिटेक्टर, ऑक्सीजन मास्क और अन्य सुरक्षा साधनों का उपयोग अनिवार्य होता है। घटना के बाद परिजन दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। अस्पताल में तनाव का माहौल बना हुआ है।

हादसे में इनकी हुई मौत
गोविंद सेंद्रे
अनमोल मचकन
प्रशांत कुमार, तीनों सिमरन सिटी निवासी

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button