छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

Chhattisgarh : CCTV लगाने पर बवाल, दबंगों ने दी जान से मारने की धमकी; कलेक्टर की चौखट पर पहुंचे ग्रामीण

बालोद। जिले के गुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले ग्राम दियाबाती में सुरक्षा के लिहाज से लगाए जा रहे CCTV कैमरों को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्राम समिति के निर्णय का विरोध करते हुए कुछ रसूखदार लोगों ने न केवल काम रुकवाया, बल्कि डंडे लेकर ग्रामीणों और कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटने की धमकी भी दी। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है।

विवाद की जड़: ग्राम समिति का सर्वसम्मत निर्णय
ग्रामीणों के अनुसार, गांव की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए ग्राम विकास समिति ने बैठक कर तीन मोहल्लों में CCTV कैमरे लगाने का फैसला लिया था। दो मोहल्लों में शांतिपूर्ण ढंग से कैमरे लग गए, लेकिन 16 मार्च 2026 को जैसे ही तीसरे मोहल्ले ‘प्रेम नगर दियाबाती’ में काम शुरू हुआ, विरोध भड़क उठा।

डंडे लेकर पहुंचे दबंग, दी ‘रातों-रात गायब’ करने की धमकी
आरोप है कि धनसाय साहू, खोमन साहू, आकाश साहू और मनहरण साहू नामक व्यक्तियों ने डंडे लेकर मौके पर धावा बोल दिया। उन्होंने काम रुकवाते हुए अभद्र गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि काम कर रहे कर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी शाम को उनके घरों के सामने घूम-घूमकर धमकी दे रहे थे कि”अगर कैमरे नहीं हटाए गए तो रातों-रात उठा लेंगे, किसी को पता भी नहीं चलेगा। पुलिस भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।”

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
घटना की सूचना पर गुरूर पुलिस मौके पर तो पहुंची, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। उल्टा, थाना प्रभारी ने दबाव में आकर तय स्थान से कैमरा हटाकर दूसरी जगह लगवा दिया। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उन पर पहले भी गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं, जो फिलहाल कोर्ट में लंबित हैं।

200 ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट का किया घेराव
पुलिस की सुस्ती और आरोपियों के बढ़ते हौसलों से नाराज होकर लगभग 200 ग्रामीण पूर्व विधायक भैय्या राम सिन्हा के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि दोषियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामला दर्ज किया जाए।


गांव में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। सीसीटीवी लगाने के काम में आ रही बाधा को दूर कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने कड़ा कदम नहीं उठाया, तो गांव में कोई बड़ी अनहोनी या हिंसक वारदात हो सकती है।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button