टीबी मुक्त पंचायतों ने रचा इतिहास : कौवातल सरपंच बसंत व बरेली सरपंच रामखिलावन कलेक्टर से सम्मानित , जिले का बढ़ाया मान
विश्व क्षय दिवस पर 100 दिवसीय अभियान की शुरुआत, उत्कृष्ट कार्य के लिए सरपंचों का भव्य सम्मान , सरपंच बसंत ने कहा: यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, पूरे कौवाताल ग्रामवासियों की मेहनत और जागरूकता का परिणाम


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– विश्व क्षय दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के तहत 100 दिवसीय विशेष कार्यक्रम की शुरुआत पूरे प्रदेश के साथ बिलासपुर जिले में भी उत्साहपूर्वक की गई। जिला मुख्यालय स्थित मंथन सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की सभापति अरुणा सूर्या, कलेक्टर संजय अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल एवं जिला क्षय अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी उपस्थित रहे। इस अवसर पर वर्ष 2025 में टीबी मुक्त घोषित पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को पुष्पगुच्छ, प्रशस्ति पत्र एवं महात्मा गांधी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। प्रथम वर्ष टीबी मुक्त हुई पंचायतों को कांस्य तथा लगातार दो वर्षों तक टीबी मुक्त रहने वाली पंचायतों को सिल्वर प्रतिमा प्रदान की गई। कार्यक्रम में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र कौवातल पंचायत के सरपंच बसंत साहू रहे, जिन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए गोल्ड एवं सिल्वर दोनों मेडल से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया। वहीं बरेली पंचायत के सरपंच खिलावन सिंह राजपूत को भी सम्मानित किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि टीबी मुक्त अभियान जनभागीदारी का श्रेष्ठ उदाहरण है। पंचायत स्तर पर जागरूकता और निरंतर प्रयासों से ही हम टीबी मुक्त समाज की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि सम्मानित पंचायतें अन्य गांवों के लिए प्रेरणा बनेंगी और यह अभियान और अधिक गति पकड़ेगा।


सम्मान प्राप्त करने के बाद कौवाताल सरपंच बसंत साहू ने भावुक होते हुए कहा कि यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, पूरे कौवाताल ग्रामवासियों की मेहनत और जागरूकता का परिणाम है। हमने मिलकर संकल्प लिया था कि गांव को टीबी मुक्त बनाना है, और आज वह सपना साकार हुआ है। आगे भी हम अपने गांव को स्वस्थ और जागरूक बनाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। वहीं बरेली सरपंच खिलावन सिंह राजपूत ने कहा कि सरकार की योजनाओं और प्रशासन के मार्गदर्शन से यह संभव हो पाया है। गांव के हर व्यक्ति ने इसमें सहयोग दिया, जिसके चलते हम यह उपलब्धि हासिल कर सके। कार्यक्रम के दौरान जिले की कुल 62 पंचायतों को पहली बार तथा 20 पंचायतों को लगातार दूसरी बार टीबी मुक्त घोषित किया गया, जो जिले के लिए गौरव की बात है। आयोजन ने यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयास और जागरूकता से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता।












