सेमरिया बाबा धाम में जनपद सदस्य मनोज खरे ने की घोषणा — बनेगा भव्य शेड, श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
अष्टमी पर हवन, कन्या भोज और विशाल भंडारे में उमड़ा जनसैलाब, चमत्कारिक सेमरिया बाबा के दर्शन को दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर सीपत स्थित प्रसिद्ध एवं चमत्कारिक सेमरिया बाबा धाम में आस्था का जनसागर उमड़ पड़ा। अष्टमी के शुभ दिन मंदिर परिसर में विधिवत हवन-पूजन, कन्या भोज एवं भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। सेमरिया बाबा की महिमा, विशेष रूप से बिछड़े हुए को मिलाने की अलौकिक मान्यता, लोगों को दूर-दूर से यहां खींच लाती है। यही कारण रहा कि नवरात्र के इस पावन अवसर पर आसपास ही नहीं, बल्कि दूरस्थ क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे और अपनी मनोकामनाएं अर्पित कीं। मंदिर परिसर दिनभर भक्ति, श्रद्धा और जयकारों से गूंजता रहा। इस दौरान मंदिर में पहुंचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं सीपत जनपद सदस्य मनोज खरे ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए एक भव्य शेड निर्माण कराने का ऐलान किया, जिससे गर्मी और बारिश के दौरान दर्शनार्थियों को बड़ी राहत मिल सकेगी। इस अवसर पर मनोज खरे ने कहा कि सेमरिया बाबा धाम आस्था का केंद्र है, यहां प्रतिदिन और विशेष अवसरों पर हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा हमारी प्राथमिकता है। शेड निर्माण से यहां आने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी और धाम का स्वरूप भी और भव्य होगा। घोषणा के बाद मंदिर समिति एवं क्षेत्रीय श्रद्धालुओं में हर्ष की लहर दौड़ गई। समिति के पदाधिकारियों ने मनोज खरे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल निश्चित रूप से मंदिर के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधा में मील का पत्थर साबित होगी। नवरात्र के इस दिव्य आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि सेमरिया बाबा धाम न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि लोगों के विश्वास और चमत्कार का जीवंत प्रतीक भी है।










