गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प हुआ पूरा, छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद समाप्त – सीएम साय


रायपुर: छत्तीसगढ़ के इतिहास में 31 मार्च 2026 का दिन एक ‘स्वर्ण अक्षरों’ में लिखे जाने वाला दिन बन गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज आधिकारिक रूप से घोषणा की कि गृहमंत्री अमित शाह द्वारा साल 2024 में लिया गया ‘नक्सलवाद समाप्ति का संकल्प’ आज धरातल पर पूर्ण हो चुका है।
अमित शाह का संकल्प और जवानों का शौर्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ के लिए बेहद यादगार है। उन्होंने याद दिलाया कि गृहमंत्री अमित शाह ने वर्ष 2024 में यह संकल्प लिया था कि 31 मार्च 2026 तक पूरे देश से नक्सलवाद का जड़ से सफाया कर दिया जाएगा।
“हमने अपनी आँखों से अमित शाह के संकल्प को पूरा होते देखा है। हमारे जवानों के अदम्य साहस और बलिदान के कारण ही आज नक्सलवाद इतिहास के पन्नों में सिमट गया है।” — विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री
बस्तर में बह रही है ‘विकास की गंगा’
कभी बारूद के धुएं और हिंसा के लिए पहचाने जाने वाले बस्तर की बदली हुई तस्वीर पर सीएम ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा अब बस्तर के अंदरूनी इलाकों में डर का माहौल नहीं है,बस्तर में अब तेजी से सड़कों, स्कूलों और अस्पतालों का जाल बिछ रहा है, जिससे ‘विकास की गंगा’ घर-घर तक पहुँच रही है, नक्सलवाद के खात्मे के साथ ही छत्तीसगढ़ अब देश के सबसे सुरक्षित और प्रगतिशील राज्यों की श्रेणी में मजबूती से खड़ा है।
कृतज्ञ छत्तीसगढ़: पूरे प्रदेश की ओर से धन्यवाद
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के रणनीतिक नेतृत्व और सुरक्षा बलों के जवानों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोकतंत्र की रक्षा की और बस्तर के आदिवासियों को मुख्यधारा से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया।







