छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

राजधानी रायपुर दहल उठी: वर्दी छूटी तो वहशी बना पति, पत्नी और सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर घर में ही बिछा दी लाशें

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी में आज एक ऐसी खौफनाक वारदात हुई जिसने रूह कंपा दी। विधानसभा थाना क्षेत्र के सेमरिया गांव में एक बर्खास्त पुलिसकर्मी ने अपनी ही पत्नी और सौतेली बेटी को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या की इस वीभत्स घटना को अंजाम देने के बाद कातिल खुद खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंच गया और सरेंडर कर दिया।

आरोपी गुलाब साहू की पत्नि और सौतेली बेटी

कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार, क्षत-विक्षत मिलीं लाशें
बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब गांव अंगड़ाई ले रहा था, तभी आरोपी गुलाब साहू के घर के भीतर मौत का तांडव चल रहा था। आरोपी ने पहले अपनी पत्नी लता साहू पर कुल्हाड़ी से वार किया और जब उसकी 22 वर्षीय सौतेली बेटी चित्रा साहू उसे बचाने आई, तो हैवान बने गुलाब ने उसे भी नहीं बख्शा। आरोपी ने चित्रा के सिर पर कुल्हाड़ी से इतने वार किए कि उसका चेहरा पहचानना मुश्किल हो गया।

जमीन पर मां की तो बिस्तर पर बेटी की मिली लाश

किराएदार से अफेयर और ‘टॉर्चर’ की थ्योरी
पुलिस कस्टडी में आरोपी गुलाब साहू ने जो खुलासे किए, वे चौंकाने वाले हैं। उसने बताया
“मेरी पत्नी का किराएदार से अफेयर था। किराएदार ने उसे पैसे और गाड़ी का लालच देकर मेरे खिलाफ भड़का दिया था। मां-बेटी मिलकर मुझे घर से निकलने को कहती थीं और रोज मुझे टॉर्चर किया जाता था। जब बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो मैंने दोनों को खत्म कर दिया।”

आरोपी गुलाब साहू

अनुशासनहीनता की वजह से हो चुका था बर्खास्त
आरोपी गुलाब साहू का बैकग्राउंड भी विवादित रहा है। वह 2 साल पहले बिलासपुर में पुलिस सेवा में था, लेकिन अनुशासनहीनता के चलते उसे बर्खास्त कर दिया गया था। पुलिस की ट्रेनिंग ले चुका गुलाब यह जानता था कि वार कहां और कैसे करना है। 4 साल पहले ही उसने लता साहू से दूसरी शादी की थी, लेकिन यह रिश्ता खूनी मोड़ पर आकर खत्म हुआ।

वारदात के मुख्य बिंदु:
घटना स्थल: सेमरिया गांव, विधानसभा थाना क्षेत्र, रायपुर।
मारे गए लोग: पत्नी लता साहू और सौतेली बेटी चित्रा साहू (22)।
हथियार: भारी कुल्हाड़ी।
आरोपी का इकबालिया बयान: “मुझे घर से निकालने की साजिश रच रहे थे।”

पड़ोसियों की सूचना और आरोपी के सरेंडर के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कमरे का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी सहम गए; जमीन खून से लाल थी और लाशें क्षत-विक्षत हालत में पड़ी थीं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button