बिलासपुर संभाग

सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, राष्ट्र सेवा का संकल्प है :  डीसी कपिल कामडी

एनटीपीसी सीपत में सीआईएसएफ सुरक्षा सप्ताह का भव्य समापन, परेड के साथ पूरे सप्ताह चले जागरूकता व खेलकूद कार्यक्रम

सीपत (हिमांशु गुप्ता):– देश के सर्वोच्च अर्धसैनिक बलों में से एक केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा 3 मार्च से 10 मार्च तक पूरे देश की विभिन्न इकाइयों में सीआईएसएफ सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। इसी कड़ी में सीआईएसएफ इकाई एनटीपीसी सीपत में भी पूरे सप्ताह विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। सप्ताह भर आयोजित कार्यक्रमों में सुरक्षा जागरूकता अभियान, सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता, बच्चों के लिए हथियारों का प्रदर्शन, वित्तीय प्रबंधन पर मार्गदर्शन, अंगदान जागरूकता, महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष सत्र, बाइक रैली तथा विभिन्न संस्थाओं के बीच मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता प्रमुख रूप से आयोजित की गईं। इन गतिविधियों में सीआईएसएफ के जवानों के साथ-साथ एनटीपीसी के अधिकारी-कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुरक्षा सप्ताह का समापन 10 मार्च को भव्य परेड के साथ हुआ। परेड के दौरान सीआईएसएफ इकाई प्रभारी उप कमांडेंट कपिल सुधाकर कामड़ी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सीआईएसएफ केवल औद्योगिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की आर्थिक धड़कन की रक्षा करने वाला एक सशक्त प्रहरी है। हमारा हर जवान अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। सुरक्षा जागरूकता ही वह शक्ति है जो किसी भी खतरे को समय रहते रोक सकती है। उन्होंने आगे कहा कि सीआईएसएफ के जवान आधुनिक प्रशिक्षण, तकनीकी दक्षता और अदम्य साहस के बल पर देश की महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बल की राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त उपलब्धियों तथा इकाई के सुरक्षा लक्ष्यों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और जवानों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर आयोजित परेड का नेतृत्व निरीक्षक (कार्य) के. भास्कर ने किया। सुरक्षा सप्ताह के दौरान आयोजित सभी कार्यक्रम उप कमांडेंट (अग्नि) मोहन लाल एवं असिस्टेंट कमांडेंट राजकुमार के मार्गदर्शन और निगरानी में संपन्न हुए। कार्यक्रम के अंत में असिस्टेंट कमांडेंट राजकुमार ने एनटीपीसी सीपत के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बल के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और उत्साहपूर्ण भागीदारी से ही सुरक्षा सप्ताह के कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। पूरे सप्ताह चले इन आयोजनों ने सुरक्षा, जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए सीआईएसएफ की प्रतिबद्धता और सेवा भावना को एक बार फिर उजागर किया।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button