बिलासपुर संभाग

देशभक्ति, अनुशासन और समर्पण ही सीआईएसएफ की असली पहचान : डीसी कपिल कामडी

सीआईएसएफ दिवस सप्ताह पर एनटीपीसी सीपत में निकली भव्य तिरंगा रैली, जवानों ने दिया राष्ट्रभक्ति और एकता का संदेश

सीपत :– सीआईएसएफ दिवस सप्ताह के अंतर्गत एनटीपीसी सीपत में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त करने के उद्देश्य से भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। सीआईएसएफ यूनिट एनटीपीसी सीपत द्वारा आयोजित इस रैली का नेतृत्व डिप्टी कमांडेंट कपिल सुधाकर कामडी ने किया। रैली मटेरियल गेट से प्रारंभ होकर नवाडीह चौक होते हुए उज्जवल नगर तक निकाली गई। पूरे मार्ग में सीआईएसएफ के जवानों ने अनुशासन, जोश और उत्साह के साथ तिरंगा लेकर मार्च किया। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। इस अवसर पर डिप्टी कमांडेंट कपिल सुधाकर कामडी ने कहा कि सीआईएसएफ केवल देश की औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा ही नहीं करती, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल भी प्रस्तुत करती है। तिरंगा रैली के माध्यम से हम आम नागरिकों में राष्ट्रीय एकता, देशभक्ति और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सीआईएसएफ के जवान हर परिस्थिति में देश की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि सीआईएसएफ दिवस सप्ताह के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जवानों के मनोबल को बढ़ाने और समाज में सुरक्षा एवं जागरूकता का संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। रैली में डिप्टी कमांडेंट मोहन लाल, असिस्टेंट कमांडेंट राजकुमार सहित सीआईएसएफ के अन्य अधिकारी और जवान बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने पूरे मार्ग में अनुशासन और जोश के साथ रैली को सफलतापूर्वक संपन्न किया। तिरंगा रैली को देखने के लिए मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे और उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन किया। इस आयोजन के माध्यम से सीआईएसएफ ने एक बार फिर राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और कर्तव्य के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता का संदेश दिया।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button