मस्तूरी के नए एसडीएम बने शिव कुमार कंवर, सीपत तहसील की जिम्मेदारी संभालेंगी गरिमा ठाकुर


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– जिले में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। कलेक्टर संजय अग्रवाल द्वारा जारी आदेश के तहत मस्तूरी अनुविभाग के एसडीएम सहित जिले के कई तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों के प्रभार में बदलाव किया गया है। जारी आदेश के अनुसार मस्तूरी एसडीएम प्रवेश पैकरा के स्थान पर अब शिव कुमार कंवर को मस्तूरी का नया एसडीएम पदस्थ किया गया है। वहीं सीपत तहसील में भी बदलाव करते हुए वर्तमान तहसीलदार सोनू अग्रवाल को रतनपुर तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह अब अति. तहसीलदार बिलासपुर के पद पर पदस्थ गरिमा ठाकुर को सीपत की नई तहसीलदार नियुक्त किया गया है। कलेक्टर कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार प्रशासनिक दृष्टि से जिले के कुल 14 तहसीलदार और नायब तहसीलदारों के प्रभार में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत संदीप कुमार साय को बोदरी से मस्तूरी तहसीलदार, शिल्पा भगत को रतनपुर से बोदरी तहसीलदार तथा जयंती देवांगन को मस्तूरी से नजूल तहसीलदार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त पंकज सिंह को अधीक्षक भू-अभिलेख बिलासपुर से सहायक प्रोटोकॉल अधिकारी बिलासपुर बनाया गया है। वहीं नायब तहसीलदार स्तर पर भी कई अधिकारियों के प्रभार में परिवर्तन किया गया है, जिनमें समर्थ थवाईत, श्रद्धा सिंह, राहुल साहू, टोपलाल सिदार, ओम प्रकाश चंद्रवंशी, विनीता शर्मा, सहोरिक और अंकित सिंह राजपूत शामिल हैं। जिला प्रशासन के अनुसार यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है तथा सभी अधिकारियों की नई पदस्थापना आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी। प्रशासनिक फेरबदल से जिले में राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों में और अधिक गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
सीपत की कमान संभालेंगी तहसीलदार गरिमा ठाकुर
सीपत तहसील की नई तहसीलदार के रूप में नियुक्त गरिमा ठाकुर से क्षेत्र के लोगों को राजस्व कार्यों में तेजी और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्था की उम्मीद है। वहीं मस्तूरी अनुविभाग में नए एसडीएम शिव कुमार कंवर के पदभार संभालने से प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की संभावना जताई जा रही है।








