राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाती है : संगीता साहू
वैदिक महाविद्यालय सीपत में एनएसएस ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा आयोजित, स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक निभाई सहभागिता


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– अटल बिहारी बाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर से संबद्ध वैदिक महाविद्यालय सीपत में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत सोमवार 9 मार्च को ‘बी’ प्रमाण पत्र परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में एनएसएस के स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेते हुए अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर बाह्य परीक्षक के रूप में संदीपनी एकेडमी पेंड्री (मस्तूरी) की एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संगीता साहू उपस्थित रहीं। उन्होंने परीक्षा की प्रक्रिया का निरीक्षण करते हुए स्वयंसेवकों के ज्ञान, अनुशासन और सेवा भावना की सराहना की। बाह्य परीक्षक श्रीमती संगीता साहू ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि एनएसएस के माध्यम से छात्र-छात्राएं समाज के प्रति संवेदनशील बनते हैं और देश के जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने वैदिक महाविद्यालय सीपत के स्वयंसेवकों की सक्रियता और अनुशासन की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां के विद्यार्थियों में सेवा भावना और समाज के प्रति सकारात्मक सोच स्पष्ट रूप से दिखाई देती है, जो सराहनीय है। परीक्षा के सफल संचालन में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी रामेश्वर साहू एवं सहायक प्राध्यापक राजेंद्र सिंह क्षत्रिय का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में परीक्षा सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों में उत्साह का माहौल देखा गया और सभी ने राष्ट्रीय सेवा योजना की भावना के अनुरूप अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।












