बिलासपुर संभाग

नारी सम्मान और सशक्तिकरण से ही समाज की असली प्रगति संभव : सोनवानी

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीपत में परियोजना स्तरीय भव्य कार्यक्रम, 292 महिलाओं का सम्मान

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एकीकृत बाल विकास परियोजना सीपत द्वारा सामुदायिक भवन में परियोजना स्तरीय भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की 292 महिलाओं का सम्मान कर उनके सामाजिक योगदान और कार्यों की सराहना की गई। कार्यक्रम में उत्साह और गरिमा का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस दौरान महतारी वंदन योजना का लाभ प्राप्त कर रही महिलाओं को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक संचालित करने वाली पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रोत्साहन स्वरूप सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। नारी सम्मान और सशक्तिकरण से ही समाज की असली प्रगति संभव है। सरकार की योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया, वहीं व्यंजन प्रतियोगिता में पारंपरिक पकवानों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। महिलाओं ने सशक्तिकरण पर प्रेरक भाषण और गीतों की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना दिया। इस अवसर पर जनपद सदस्य लक्ष्मीन पोर्ते, अंजनी भास्कर पटेल, उषा देवी कैवर्त्य, देव सिंह पोर्ते सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




ख़बर को शेयर करें

Back to top button