बिलासपुर संभाग

शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, गर्भपात के बाद युवक गिरफ्तार

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शादी का झांसा देकर शोषण करने का गंभीर मामला सामने आया है। सरकंडा थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करने वाली एक युवती से दोस्ती कर युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती के गर्भवती होने पर आरोपी ने उस पर दबाव डालकर गर्भपात करा दिया और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली युवती कॉलेज की पढ़ाई के लिए किराए के मकान में रहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी के निवासी गौरव दुबे (21) से हुई। दोनों के बीच धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ी और आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

कुछ समय बाद युवती गर्भवती हो गई। जब उसने इस बारे में गौरव दुबे को बताया, तो आरोपी ने उस पर दबाव बनाकर जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद भी वह युवती का शोषण करता रहा। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।

इसके बाद युवती ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शादी का झांसा देकर शोषण के मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी गौरव दुबे को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button