बिलासपुर संभाग

महिलाएं ही समाज की असली शक्ति, उनके सम्मान और सशक्तिकरण से ही बनेगा मजबूत भारत : विधायक दिलीप लहरिया

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ग्राम अकोला में भव्य महिला सम्मान समारोह, विधायक दिलीप लहरिया ने महिलाओं के योगदान को किया नमन

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रविवार को मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अकोला में महिला सम्मान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक दिलीप लहरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति देखने को मिली। पूरे आयोजन में महिला सशक्तिकरण, सम्मान और जागरूकता का संदेश प्रमुख रूप से दिखाई दिया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद क्षेत्र की कई सक्रिय एवं प्रेरणादायी महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर महिलाओं के चेहरे गर्व और खुशी से खिल उठे। इस दौरान उपस्थित महिलाओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और समाज में महिलाओं की भूमिका को लेकर अपने विचार रखे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप लहरिया ने सभी महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाएं केवल परिवार की ही नहीं बल्कि पूरे समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि आज का समय महिलाओं की प्रतिभा, मेहनत और आत्मविश्वास का समय है, जहां महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी से देश और समाज को नई दिशा दे रही हैं। छग विधानसभा के उपसचेतक एवं मस्तूरी विधायक लहरिया ने कहा कि हमारे समाज की प्रगति तभी संभव है जब महिलाओं को सम्मान, समान अवसर और सुरक्षा मिले। आज महिलाएं शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, राजनीति, व्यापार और हर क्षेत्र में अपनी क्षमता का परचम लहरा रही हैं। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हमारी बेटियां और बहनें आत्मनिर्भर बनें, शिक्षित हों और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि विकसित समाज की सबसे बड़ी ताकत है। जिस समाज में महिलाओं को सम्मान मिलता है, वही समाज वास्तव में समृद्ध और प्रगतिशील बनता है। उन्होंने आगे कहा कि शासन प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र में भी महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिलाओं का सम्मान कर उन्हें समाज में आगे बढ़ने, आत्मनिर्भर बनने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सम्मान का माहौल बना रहा।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button