छत्तीसगढ़ में दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने के नाम पर वकील ने किया दुष्कर्म, केस दर्ज

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में दुष्कर्म पीड़िता को न्याय दिलाने का झांसा देकर अनाचार व मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। वकील पर दुष्कर्म पीड़िता से अनाचार का आरोप है। पुलिस ने आरोपी वकील के खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, कोंडागांव जिले की रहने वाली युवती के साथ एक युवक ने अनाचार किया था। पीड़िता ने युवक के खिलाफ कोंडागांव जिले में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपी को हाईकोर्ट से सजा दिलाने के लिए पीड़िता बिलासपुर आई। यहां चकरभांठा निवासी वकील बसंत कैवर्त से उसकी मुलाकात हुई। वकील उसे न्याय दिलाने का झांसा देकर घूमने के लिए कोटा क्षेत्र के एक रिसॉर्ट ले गया।
बताया जा रहा है कि यहां उसने अनाचार पीड़िता के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और विरोध करने पर मारपीट की। इस दौरान आरोपी वकील ने पीड़िता के साथ कई बार शारीरिक सम्बन्ध बनाया। पीड़िता ने अब मामले की शिकायत सरकंडा थाने में दर्ज कराई है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी वकील के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।