कमजोर हो रहा नक्सलवाद, 3 इनामी नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, कई बड़ी नक्सली घटनाओं में थे शामिल

गरियाबंद। सुरक्षाबलों के लगातार प्रयासों और नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद धमतरी नुआपड़ा डिविजन में सक्रिय तीन इनामी नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें एक पुरुष और दो महिला नक्सली शामिल हैं। तीनों पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वालों में नागेश, जैनी और मनीला शामिल हैं, जिन पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था। इन नक्सलियों ने सरकार की समर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण किया है। ये तीनों नक्सली कई माओवादी घटनाओं में शामिल थे और 5 से 8 साल से इलाके में सक्रिय थे। वे बड़े नक्सली लीडर के सहयोगी के रूप में काम करते थे। गरियाबंद पुलिस ने इसे नक्सल उन्मूलन की दिशा में एक अहम कामयाबी बताया है।
बता दें कि, इससे पहले 2 अक्टूबर को बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। जिसे अब तक की सबसे बड़ी सफलता मानी गई। सरेंडर करने वाले सभी नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ से ज्यादा का इनाम घोषित था। जबकि, 5 नक्सलियों पर 8-8 लाख का इनाम था।