RIP राजवीर जवांदा: पंजाबी गायक और अभिनेता का सड़क हादसे में निधन

पंजाब के प्रसिद्ध पंजाबी गायक और अभिनेता राजवीर जवांदा का 8 अक्टूबर 2025 को निधन हो गया। 27 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के बद्दी के पास एक गंभीर सड़क हादसे में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में उन्हें सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी स्थिति बेहद नाजुक हो गई।
घटना के तुरंत बाद राजवीर को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी हालत स्थिर नहीं हुई और उन्हें कार्डियक अरेस्ट का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती किया गया, जहाँ वे करीब 11 दिनों तक वेंटिलेटर पर रहे। डॉक्टरों ने हर संभव प्रयास किया, लेकिन उनके जीवन की रक्षा नहीं हो सकी।
राजवीर जवांदा का निधन पंजाबी संगीत और फिल्म जगत के लिए बड़ा झटका है। उनके प्रशंसकों, सह कलाकारों और सोशल मीडिया पर उनके चाहने वालों ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। नीरू बाजवा और गुरप्रीत घुग्गी जैसे बड़े कलाकार भी इस दुखद घटना पर भावुक नजर आए।
राजवीर जवांदा ने पंजाबी संगीत को कई हिट गाने दिए, जिनमें Kali Jawande Di, Khush Reha Kar, और Sardari शामिल हैं। उन्होंने पंजाबी फिल्मों में भी अभिनय किया और अपनी आवाज़ और अभिनय से जल्दी ही मनोरंजन जगत के चर्चित चेहरों में शामिल हो गए।