देश दुनिया

अरब सागर में तटरक्षक बल ने घायल ईरानी मछुआरे की बचाई जान

ICG: भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने एक बार फिर साबित किया है कि वह सिर्फ देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा नहीं करता, बल्कि मानवता के लिए भी समर्पित है। हाल ही में अरब सागर के बीचों-बीच एक गंभीर रूप से घायल ईरानी मछुआरे को तटरक्षक बल ने बचाकर उसकी जान बचाई। यह रेस्क्यू ऑपरेशन कोच्चि से करीब 1,500 किलोमीटर पश्चिम में किया गया, जहां मछली पकड़ने वाली नाव अल-ओवैस का इंजन खराब हो गया था।

जानकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर को मुंबई स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (MRCC) को ईरान के एमआरसीसी चाबहार से सूचना मिली कि नाव के इंजन में विस्फोट हुआ है। हादसे में नाव के मालिक अल्लाह बख्श की दोनों आंखों और दाहिने कान में गंभीर चोटें आईं और नाव समुद्र में फंस गई। सूचना मिलते ही एमआरसीसी मुंबई ने तुरंत इंटरनेशनल सेफ्टी नेट (ISN) सक्रिय कर आसपास के जहाजों को सतर्क किया।

इसी दौरान, ICG जहाज ‘सचेत’, जो पूर्वी अफ्रीका से लौट रहा था, को मौके पर रवाना किया गया। साथ ही MT-STI Grace टैंकर को भी प्राथमिक उपचार में मदद करने के निर्देश दिए गए। तटरक्षक बल की टीम ने 28 अक्टूबर सुबह 9:27 बजे घायल मछुआरे को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया और जहाज पर उसका इलाज शुरू किया। बाद में उसे गंभीर स्थिति को देखते हुए गोवा ले जाया गया।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button