छत्तीसगढ़

किरणमयी नायक के खिलाफ महिला आयोग के सदस्यों ने खोला मोर्चा, लगाए गंभीर आरोप

रायपुर। छत्तीसगढ़ महिला आयोग की सदस्य लक्ष्मी वर्मा, सरला कोसरिया और दीपिका सोरी ने आयोग की अध्यक्ष किरणमयी नायक और सचिव अभय सोनवानी पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्रेसवार्ता की। सदस्याओं का कहना है कि आयोग में काम नियमों के अनुसार नहीं हो रहा, सुनवाई में सदस्यों को शामिल नहीं किया जाता तथा सभी निर्णय केवल अध्यक्ष द्वारा लिए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर सुधार नहीं हुआ तो वे कोर्ट का रुख करेंगी और मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल से भी इसकी शिकायत करेंगी।

आयोग सदस्याओं के मुताबिक, उनकी नियुक्ति दो माह पूर्व हुई है और महिलाएं अपनी समस्याएं लेकर आयोग में आती हैं, लेकिन सुनवाई में उन्हें सूचित नहीं किया जाता। सुनवाई में अनधिकृत लोग, जैसे अध्यक्ष के पति और अन्य वकील भी शामिल होते हैं। इन परिस्थिति में सदस्यों ने कई बार मौखिक रूप से आपत्ति जताई, पर कोई बदलाव नहीं हुआ।

वित्तीय पारदर्शिता और अध्यक्ष के चेंबर पर भी सवाल
सदस्य सरला कोसरिया ने सचिव से आय-व्यय की जानकारी मांगी, जिसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। अध्यक्ष पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए। सदस्याओं ने ये भी सवाल उठाया कि अध्यक्ष के चेंबर में सिर्फ सोनिया गांधी, राहुल गांधी और भूपेश बघेल की तस्वीरें क्यों हैं, जबकि वहां मुख्यमंत्री और राज्यपाल की तस्वीरें होनी चाहिए।

अंततः, मामला बढ़ता देख अध्यक्ष किरणमयी नायक ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया और कहा कि अब सचिव ही इस बारे में जानकारी देंगे।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button