सीपत में बिजली विभाग का बड़ा एक्शन : 27.56 लाख की बकाया वसूली के लिए 103 कनेक्शन काटे, मचा हड़कंप
बकाया बिल नहीं चुकाने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, नियमों से कोई समझौता नहीं : एई कौशल जायसवाल

सीपत (हिमांशु गुप्ता):– बिजली बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली विभाग ने सीपत गांव में अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए 103 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काट दिए। यह कार्रवाई कुल 27 लाख 56 हजार 388 रुपये की लंबित बकाया राशि की वसूली के लिए की गई। विभाग की इस व्यापक कार्रवाई से बकायादारों में हड़कंप मच गया है और कई उपभोक्ता अब बकाया राशि जमा करने के लिए विभाग के संपर्क में आने लगे हैं। बिजली विभाग द्वारा गठित 60 सदस्यीय 6 विशेष टीमों ने सीपत गांव के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में एक साथ अभियान चलाया। जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किया था, उनके कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई नियमों के तहत की गई है और इसका उद्देश्य बकाया राशि की वसूली के साथ-साथ बिजली व्यवस्था को व्यवस्थित करना है। कार्रवाई के दौरान विभाग को यह भी जानकारी मिली कि कुछ उपभोक्ता कनेक्शन कटने के बाद भी चोरी-छिपे बिजली का उपयोग कर रहे थे। ऐसे 20 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत जांच कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जिससे भविष्य में बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व सहायक यंत्री कौशल कुमार जायसवाल के मार्गदर्शन में किया गया। उनके साथ कनिष्ठ यंत्री रंजना देवांगन, कनिष्ठ यंत्री चंद्रभान साहू , सीएस धीवर सहित बिजली विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अभियान को सफल बनाया।

बिजली चोरी और बकाया पर विभाग सख्त, हर उपभोक्ता को करना होगा नियमों का पालन : एई कौशल जायसवाल
सहायक यंत्री कौशल कुमार जायसवाल ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि बिजली विभाग द्वारा बकाया राशि वसूली अभियान पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ चलाया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं पर बकाया है, उन्हें कई बार नोटिस और सूचना दी गई, इसके बावजूद राशि जमा नहीं करने पर कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई है। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। बिजली विभाग के नियमों का पालन करना सभी उपभोक्ताओं की जिम्मेदारी है और बकाया राशि जमा करने पर ही कनेक्शन बहाल किया जाएगा। विभाग किसी भी प्रकार की अनियमितता या बिजली चोरी को बर्दाश्त नहीं करेगा। बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि बकाया राशि वसूली अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि आने वाले दिनों में भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। विभाग ने सभी बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे शीघ्र ही अपना बकाया बिल जमा कर बिजली सेवा को निर्बाध बनाए रखें, अन्यथा उनके खिलाफ भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस सख्त अभियान से साफ संकेत मिल गया है कि अब बिजली विभाग बकाया और बिजली चोरी के मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा और नियमों के पालन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।










