बिलासपुर संभाग

भक्त माता कर्मा जयंती पर साहू समाज का भव्य शोभायात्रा आज , सीपत में उमड़ेगा आस्था का सैलाब

साहू भवन से माताचौरा तक निकलेगी विशाल कलश यात्रा, भजन-कीर्तन, महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ मनाया जाएगा उत्सव

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जयंती के पावन अवसर पर साहू समाज केन्द्र सीपत के तत्वाधान में आज तहसील स्तरीय भव्य शोभायात्रा (कलश यात्रा) का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र के साहू समाज में उत्साह और हर्ष का वातावरण बना हुआ है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 3 बजे साहू समाज भवन सीपत से विशाल शोभायात्रा प्रारंभ होगी। यह शोभायात्रा नवाडीह चौक होते हुए माताचौरा नवाडीह सीपत तक जाएगी तथा वहां से पुनः वापस होकर साहू समाज भवन पहुंचेगी। यात्रा के दौरान समाज की महिलाएं कलश धारण कर भक्तिभाव से शामिल होंगी तथा जगह-जगह भक्त माता कर्मा के जयघोष और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बनेगा। इसके पश्चात शाम 4:30 बजे भजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु भक्त माता कर्मा की महिमा का गुणगान करेंगे। वहीं शाम 5:30 बजे भक्त माता कर्मा की भव्य महाआरती संपन्न होगी और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में साहू समाज के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी भी विशेष रूप से शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन समिति ने आसपास के सभी क्षेत्रों के स्वजातीय बंधुओं, माताओं-बहनों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पावन पर्व को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आग्रह किया है। भक्त माता कर्मा जयंती के इस अवसर पर सीपत क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सामाजिक एकता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button