छत्तीसगढ़

रायपुर में खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य आगाज

रायपुर : खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 का भव्य शुभारंभ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में हुआ। यह ऐतिहासिक आयोजन राज्य के लिए गर्व का क्षण बना। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खेल अधोसंरचना मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

25 मार्च से 3 अप्रैल तक आयोजित हो रहे इस राष्ट्रीय खेल महाकुंभ में देशभर के 30 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से करीब 2500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। ये खिलाड़ी 9 विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की और ओलंपिक पदक विजेता साइखोम मीराबाई चानू की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा और बढ़ा दी।

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 से बढ़ेगा खेलों का स्तर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह आयोजन भगवान श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में हो रहा है, जो राज्य के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक में लाखों लोगों की भागीदारी से यह साबित होता है कि जनजातीय समाज में खेलों के प्रति गहरी रुचि है।

राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ के तहत 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। साथ ही खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए ओलंपिक चयन पर 21 लाख और पदक विजेताओं को करोड़ों की पुरस्कार राशि देने की योजना बनाई गई है।

केंद्रीय मंत्री मांडविया ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का आधार है। खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 देश में खेल संस्कृति को नई दिशा देने का काम करेगा। कुल मिलाकर यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम साबित होगा।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button