बिलासपुर संभाग

कोरबा – प्राचार्य पदोन्नति का आदेश जारी करवाने प्रदेश भर के हजारों शिक्षकों का राज्य स्तरीय महापंचायत मई में

रमेश यादव । कोरबा। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत 11 वर्षों से रुकी हुई प्राचार्य पदोन्नति के लिए प्रदेश के नियमित व्याख्याता और प्रधान पाठकों की राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय महापंचायत होगी। पदोन्नति का आदेश जारी करवाने के लिए पूरे प्रदेश से हजारों नियमित व्याख्याता और प्रधान पाठक लामबंद होकर “छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा” के आह्वान पर मई में रायपुर में राज्य स्तरीय व्याख्याता-प्रधान पाठकों की महापंचायत का आयोजन होगा। 23 अप्रैल को बिलासपुर और 24 अप्रैल को रायपुर में “प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा” की हुई बैठक में मई माह के द्वितीय सप्ताह की किसी निश्चित तिथि में राज्य स्तरीय महापंचायत/अधिवेशन कार्यक्रम का आयोजन राजधानी रायपुर में किए जाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया हैं।

11 वर्षों से नहीं हुई प्राचार्य पदोन्नति
इस संबंध में “प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा” के मुख्य संयोजक सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि, प्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग अंतर्गत विगत 11 वर्षों से प्राचार्य पदोन्नति नहीं हुई हैं। प्रदेश के 3,266 शासकीय हाई स्कूल-हायर सेकंडरी स्कूलों में प्राचार्य के पद रिक्त पड़े हैं। इन हजारों स्कूलों में पूर्णकालिक प्राचार्य के नहीं होने से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा की गुणवत्ता बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। सतीश सिंह ने बताया कि नियमित व्याख्याता-प्रधान पाठकों की राज्य स्तरीय महापंचायत में प्रदेश के सभी जिले से हजारों नियमित व्याख्याता और नियमित प्रधान पाठक माध्यमिक शाला सम्मिलित होकर प्राचार्य पदोन्नति का आदेश जारी करवाने के लिए एकजुट होकर संकल्प लेंगे। साथ ही शासन से नए शिक्षा सत्र 16 जून 2023 के पूर्व प्राचार्य पदोन्नति का आदेश जारी करवाने के लिए राज्य स्तरीय व्याख्याता-प्रधान पाठक महापंचायत में “एक सूत्रीय प्राचार्य पदोन्नति का प्रस्ताव” पारित कर प्रदेश के मुख्यमंत्री, स्कूल शिक्षा मंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के मुख्य सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव और संचालक लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ रायपुर को प्रेषित करेंगे। स्कूल शिक्षा विभाग में 11 वर्षों से रुकी हुई प्राचार्य पदोन्नति का आदेश जारी करवाने के लिए आयोजित किए जा रहें “राज्य स्तरीय महापंचायत/अधिवेशन में उपस्थित होने के लिए “छत्तीसगढ़ राज्य प्राचार्य पदोन्नति संघर्ष मोर्चा” की ओर से प्रदेश के समस्त नियमित व्याख्याता और प्रधान पाठकों से आह्वान किया गया हैं।

ख़बर को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
news36 से जुड़िए
जोहार...आपकी क्या सहायता कर सकते है, अपने आस पास की खबरें हमें भेज सकते है