छत्तीसगढ़ में 15 हजार से कम अंतर वाले 18 सीटों पर ‘वोट चोरी’ का आरोप, कांग्रेस की निर्वाचन शून्य करने की माँग

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय, कुलदीप जुनेजा, गिरीश दुबे ने प्रेस कांफ्रेंस कर वोट चोरी का आरोप लगाया है। कांग्रेस ने पूर्व मंत्री एवं विधायक राजेश मूणत, संपत अग्रवाल पर बड़ा खुलासा किया है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में 15 हजार से कम अंतर वाले 18 सीटों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है।
विकास उपाध्याय ने पावर पाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से उदाहरण देते हुए कहा कि, राजेश मूणत का नाम दो विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल है। वे रायपुर पश्चिम के साथ रायपुर उत्तर के भी मतदाता हैं। कांग्रेस ने मूणत के दो विधानसभाओं में नाम का दस्तावेज भी जारी किया है। कांग्रेस ने राजेश मूणत का निर्वाचन शून्य करने की मांग की है।
संपत अग्रवाल का भी दो जगह नाम – कांग्रेस
कांग्रेस ने कहा कि, बसना विधायक संपत अग्रवाल का भी दो विधानसभा में नाम है। बसना के साथ रायपुर दक्षिण विधानसभा में भी उनका नाम और उनके पूरे परिवार का नाम दो विधानसभाओं में शामिल है। ऐसे में उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी करने का आरोप लगाया है। इसको लेकर उन्होंने दस्तावेज जारी कर निर्वाचन शून्य करने की मांग की है।