छत्तीसगढ़रायपुर संभाग

Chhattisgarh News : भाजपा कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पास

Chhattisgarh News : राजधानी रायपुर के दीनदयाल परिसर में आयोजित भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीति प्रस्ताव रखा गया। इसमें जहां मुख्य रूप से नरेंद्र मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर बधाई प्रस्ताव है, वहीं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा हिंदुओं को हिंसक कहने पर निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया है। इसी के साथ प्रस्ताव में केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख है।कार्यसमिति में राजनीतिक प्रस्ताव प्रदेश संगठन के उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने रखा। इसका समर्थन उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने किया। प्रस्ताव में बताया गया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने सफलता की ऐसी कहानी लिखी है, जिसे दोहराना अन्य दलों के लिए सदियों में संभव नहीं होगा।

कांग्रेस को चुनावों में चारो खाने चित्त किया : किरणदेव
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि विधानसभा में भाजपा ने 54 सीटों पर जीत हासिल की और लोकसभा में 52 फीसदी मत लेकर 68 विधानसभा क्षेत्र में ऐतिहासिक बढ़त बनाई है। दोनों ही चुनाव में कांग्रेस को चारो खाने चित कर दिया। निकाय और पंचायत में भी शत प्रतिशत जीत का लक्ष्य है।

पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा का झंडा हो : नबीन नीतिन
भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने कहा कि प्रदेश कार्य समिति में कांग्रेस के खिलाफ हुए चरणबद्ध आंदोलन में कार्यकर्ताओं की सहभागिता ने भाजपा को जीत दिलाई है। लेकिन अभी और आगे जाना है। पंचायत से पार्लियामेंट तक जब तक भाजपा का झंडा नहीं फहराएगा, हमारा सफर अधूरा है।

कार्यकर्ता सोचें भाजपा को सत्ता क्यों सौंपी : जम्वाल
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल ने कहा कि अपनी सरकार के कार्यों की अच्छाई सार्वजनिक रूप से कहें। कार्यकर्ता सोचें कि जनता ने भाजपा को सत्ता क्यों सौंपी, कांग्रेस को क्यों जनता ने सत्ता से हटाया। उन अवगुणों से दूर रहकर हमें पहल करनी होगी। तभी हमारी साधना सफल होगी।

पांच साल ​में जिन्होंने भ्रष्टाचार किया, उनको सख्त सजा दिलाएंगे : साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि हमारी सरकार करप्शन के मामले में जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। कांग्रेस के समय में आबकारी में जो नियम बनाए गए थे जिसके कारण शराब घोटाला हुआ, हमने उन नियमों को हटाकर नए नियम बना दिये ताकि भ्रष्टाचार का कोई स्रोत ही ना बचे। पिछले 5 साल में जितने भी भ्रष्टाचार हुए उन सभी के दोषियों को सख्त से सख्त सजा हो, इस दिशा में भी हमारी सरकार मजबूती से कदम उठा रही है। सभी घोटालों की जांच हो रही है। शराब घोटाला, कोयला घोटाला मामले में लोगों को डेढ़ साल से जमानत नहीं मिल रही है।

भाजपा सरकार की कल्पना नहीं की थी: शिवप्रकाश
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने की कल्पना कई लोगों ने नहीं की थी। लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने परिश्रम से इस मिथक को तोड़ दिया कि भूपेश बघेल को कोई नहीं हरा सकता। अब हमें भविष्य के रोड मैप पर ध्यान देना है।

मोदी के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर दिया प्रस्ताव
केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने पीएम पद पर मोदी के लगातार तीसरी बार आसीन होने पर बधाई प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि 2014, 2019 और 2024 में अलग-अलग परिस्थितियां थी। पीएम मोदी ने अपने पूरे कार्यकाल में एक घंटे की भी छुट्टी नहीं लेकर भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी।

राजनीतिक प्रस्ताव: 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए
राजनीतिक प्रस्ताव रखते हुए चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक शिवरतन शर्मा ने कहा कि देश में भाजपा सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है। डिप्टी सीएम साव ने समर्थन करते हुए कहा कि प्रदेश में चार इंजन वाली सरकार बनानी है। विधायक खुशवंत ने भी समर्थन किया।

बस्तर के जलप्रपातों में सावधानी हटी, दुर्घटना घटी…आनंद ले पर सावधानी जरुरी

ख़बर को शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
news36 से जुड़िए
जोहार...आपकी क्या सहायता कर सकते है, अपने आस पास की खबरें हमें भेज सकते है