देश दुनिया

बिहार चुनाव 2025: खेसारी के ‘नचनिया’ बयान पर बोले पवन सिंह — “भगवान शंकर ने भी नृत्य किया था”

बिहार चुनाव 2025 के मद्देनज़र प्रदेश में सियासी गर्मी बढ़ गई है। इस बार सिर्फ राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि भोजपुरी सिनेमा के सितारे भी चुनावी मैदान में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। छपरा से RJD प्रत्याशी खेसारी लाल यादव के बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। उन्होंने बीजेपी के स्टार प्रचारक पवन सिंह को “नचनिया” कह दिया था। अब इस पर पवन सिंह की शांत लेकिन सटीक प्रतिक्रिया सामने आई है।

न्यूज़ एजेंसी ANI से बातचीत में पवन सिंह ने पहले हैरानी जताई और फिर कहा— “खेसारी ने नचनिया कहा? खैर, ‘नचनिया’ कोई खराब शब्द थोड़ी है। अगर जुबान फिसल भी गई, तो उसे किस नज़रिए से लिया जाता है, वही मायने रखता है। भगवान शंकर ने भी नृत्य किया है, तो क्या उन्हें भी नचनिया कहेंगे? भोजपुरी भाषा बेहद ऊर्जावान और मीठी है। जो भी भोजपुरी बोलेगा, उसके अंदर ऊर्जा खुद-ब-खुद आ जाएगी।”

पवन सिंह इस बार भाजपा के स्टार प्रचारक हैं। पहले यह चर्चा थी कि वे विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन उन्होंने खुद साफ किया कि वे केवल पार्टी के लिए प्रचार करेंगे।

वहीं, इस विवाद में पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह भी उतर आई हैं। उन्होंने खेसारी लाल यादव की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे शब्द कलाकारों के सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं। गौरतलब है कि ज्योति सिंह काराकाट सीट से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं।

बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर होने वाले इस चुनाव में अब सिनेमा और सियासत का दिलचस्प संगम देखने को मिल रहा है।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button