छत्तीसगढ़

सुकमा में सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता: नक्सलियों की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री ध्वस्त, हथियार और विस्फोटक बरामद

CG News: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिले सुकमा से सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। यहां सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नक्सलियों की एक अवैध ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (विस्फोटक सामग्री निर्माण इकाई) को ध्वस्त कर दिया है। यह फैक्ट्री माओवादियों के हथियार निर्माण का एक अहम ठिकाना बताई जा रही थी।

हथियार और विस्फोटक बरामद

ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को फैक्ट्री से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, मशीनें और 17 हथियार बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार, नक्सली इस फैक्ट्री में बड़े आकार के बीजीएल (बैरल ग्रेनेड लॉन्चर) जैसे हथियार भी तैयार कर रहे थे। सुरक्षाबलों ने मौके से नक्सलियों द्वारा हथियार निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे कई उपकरण भी जब्त किए हैं।

एसपी किरण चव्हाण ने दी जानकारी

इस कार्रवाई की जानकारी सुकमा एसपी किरण चव्हाण ने दी। उन्होंने बताया कि एडिशनल एसपी रोहित शाह और DRG टीम के नेतृत्व में यह संयुक्त अभियान चलाया गया था। सुरक्षाबलों ने सटीक सूचना के आधार पर जंगल में छिपी इस फैक्ट्री का पता लगाया और उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया।

माओवादियों को बड़ा झटका

एसपी ने बताया कि यह फैक्ट्री नक्सलियों के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण थी। इसे ध्वस्त करना सुरक्षा बलों की बड़ी उपलब्धि है और इससे माओवादियों की हथियार आपूर्ति श्रृंखला को गहरा झटका लगा है।

छत्तीसगढ़ पुलिस का यह अभियान सुकमा नक्सली फैक्ट्री ध्वस्त करने के साथ माओवादियों के खिलाफ जारी लड़ाई में एक और बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button