छत्तीसगढ़ में कांग्रेसियों ने उड़ाया कागज का विमान


अंबिकापुर के दरिमा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट से हवाई सेवा बंद होने के विरोध में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन करते हुए दरिमा एयरपोर्ट के बाहर कागज का प्लेन उड़ाकर अपनी नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने बंद पड़ी उड़ान सेवा को दोबारा शुरू करने और एयरपोर्ट को नई हवाई कनेक्टिविटी से जोड़ने की मांग की।
दरअसल, 19 दिसंबर 2024 को दरिमा एयरपोर्ट से 19 सीटर विमान की उड़ान सेवा शुरू की गई थी। इस मौके पर फ्लाइंग विग कंपनी के विमान ने रनवे पर दौड़ लगाई थी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से उड़ान योजना की शुरुआत की थी। योजना का उद्देश्य यह था कि आम लोग भी सस्ती दरों पर हवाई यात्रा कर सकें, जिसके लिए लगभग एक हजार रुपये किराया तय किया गया था। हालांकि, कुछ ही समय बाद उड़ान सेवा अघोषित रूप से बंद कर दी गई और किराये में भी वृद्धि कर दी गई, जिससे सरगुजा संभाग के लोगों में निराशा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि एयरपोर्ट को 72 सीटर विमान संचालन के योग्य बनाया गया था, लेकिन केवल 19 सीटर विमान की सेवा शुरू की गई, वह भी ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। उड़ान योजना के बंद होने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दरिमा एयरपोर्ट पहुंचकर कागज का विमान बनाकर एयरपोर्ट अथॉरिटी को सौंपा और योजना को पुनः शुरू करने की मांग की।
मार्च में हो सकती हवाई सेवा शुरु
वहीं, एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार हवाई सेवा जल्द फिर से शुरू होने की संभावना है। अधिकारियों के अनुसार, उड़ान मंत्रालय और मुख्यमंत्री कार्यालय से लगातार बातचीत चल रही है और मार्च के समर शेड्यूल से उड़ान सेवा शुरू हो सकती है। इस दौरान दिल्ली, वाराणसी और रायपुर को जोड़ने वाली नई रूट की फ्लाइट शुरू करने पर भी विचार किया जा रहा है।








