छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागरायपुर संभाग

Chhattisgarh : मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की बस हादसे का शिकार, 54 जोड़े थे सवार, मची अफरा तफरी

कोरिया/रतनपुर: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर सरकारी लापरवाही ने कई परिवारों की खुशियों को संकट में डाल दिया है। मंगलवार, 10 फरवरी को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे जोड़ों से भरी एक बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। इस घटना ने प्रशासन के सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह हादसा पोड़ी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नागपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार बस जनकपुर से रतनपुर स्थित महामाया मंदिर जा रही थी। बस में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के 54 जोड़े (दूल्हा-दुल्हन) सवार थे। चश्मदीदों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी अधिक थी। अनियंत्रित होकर बस सड़क किनारे एक गहरे गड्ढे में जा गिरी।

चीख-पुकार में बदलीं मंगल ध्वनि
जिस बस में कुछ देर पहले तक शादी के गीत गूंज रहे थे और नए जीवन के सपने बुने जा रहे थे, वहां अचानक अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई दूल्हा-दुल्हन बस के अंदर ही फंस गए। इस हादसे में कई जोड़ों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।

जिम्मेदारी से भागे चालक और परिचालक
मानवता को शर्मसार करने वाली बात यह रही कि हादसा होते ही बस चालक और कंडक्टर घायलों की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गए। तड़पते हुए यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से बस से बाहर निकाला गया।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button