छत्तीसगढ़

पिटाई से बुजुर्ग की मौत : कुसमी SDM भेजे गए जेल, तीन अधिकारी निलंबित

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में रविवार देर रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात हुई। हंसपुर गांव में अवैध बॉक्साइट उत्खनन की जांच करने पहुंचे कुसमी SDM करुण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा पर ग्रामीणों के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट करने का आरोप लगा है। इस घटना में 60 वर्षीय बुजुर्ग राम नरेश राम की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हैं।

आधी रात को हुआ खूनी संघर्ष
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे SDM और नायब तहसीलदार अपनी टीम और कुछ स्थानीय युवकों के साथ हंसपुर पहुंचे थे। सूचना थी कि वहां बॉक्साइट का अवैध उत्खनन हो रहा है। पीड़ित ग्रामीणों—राम नरेश (60), अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20)—का कहना है कि वे खेत की सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी टीम ने उन्हें रोका और बिना वजह लाठी-डंडों व लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के बाद तीनों को गाड़ी में डालकर कुसमी ले जाया गया, जहां रास्ते में ही राम नरेश की हालत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: गिरफ्तारी और निलंबन
मामले की गंभीरता और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए शासन ने तत्काल कड़े कदम उठाए हैं, पुलिस ने SDM करुण डहरिया, नायब तहसीलदार पारस शर्मा और उनके साथ मौजूद युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सरकार ने तीनों संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।मामले की तह तक जाने के लिए अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम बुलाई गई है और शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

विवाद का दूसरा पहलू: अवैध उत्खनन या ब्लैकमेलिंग?
सूत्रों का यह भी कहना है कि गांव में अवैध उत्खनन चल रहा था और कुछ ग्रामीणों ने एक ट्रक को रोककर ब्लैकमेल करने की कोशिश की थी। इसी सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। हालांकि, सवाल यह उठ रहा है कि अधिकारी बिना सुरक्षा बल के और निजी युवकों के साथ रात के अंधेरे में वहां क्यों गए? इसी ‘प्राइवेट आर्मी’ के साथ जाने के फैसले ने विवाद को हिंसक बना दिया।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button