गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा हर मंच, खेल से ही निखरेगा भविष्य : अरविंद लहरिया
परसाही क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य समापन, खमतराई ने सोनादुल्ला को 25 रन से हराकर जीता खिताब

सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– ग्राम परसाही में आयोजित रोमांचक क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन उत्साह और जोश के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मुकाबला खमतराई और सोनादुल्ला के बीच खेला गया, जिसमें खमतराई की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 25 रनों से विजय हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश संयोजक, छग कांग्रेस कमेटी अजा प्रकोष्ठ एवं मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया के सुपुत्र अरविंद लहरिया शामिल हुए। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्लॉक कांग्रेस सीपत अंतर्गत खांडा मंडल अध्यक्ष प्रमोद जायसवाल एवं ओम गिरी गोस्वामी उपस्थित रहे।फाइनल मैच में खमतराई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 104 रन बनाए। जवाब में सोनादुल्ला की टीम 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 79 रन ही बना सकी। इस तरह खमतराई ने 25 रन से शानदार जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।

खेल ही युवाओं की असली ताकत है, परसाही से निकलेगी नई पहचान – अरविंद लहरिया
मुख्य अतिथि अरविंद लहरिया ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें मंच, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की। खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन, संघर्ष और नेतृत्व का पाठ पढ़ाता है। आज परसाही की धरती पर जिस उत्साह के साथ यह प्रतियोगिता संपन्न हुई है, वह साबित करता है कि हमारे गांवों का भविष्य उज्ज्वल है। मैं आयोजन समिति और सभी खिलाड़ियों को बधाई देता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि ऐसे आयोजनों को आगे भी पूरा सहयोग मिलता रहेगा। उन्होंने आगे कहा कि खेल युवाओं को नशे और गलत रास्तों से दूर रखकर सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है तथा समाज को एकजुट करने का माध्यम बनता है।
खेल से बढ़ता है भाईचारा – प्रमोद जायसवाल
खांडा मंडल अध्यक्ष प्रमोद जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं गांवों में आपसी भाईचारा और एकता को मजबूत करती हैं। आज जिस अनुशासन और खेल भावना का परिचय खिलाड़ियों ने दिया है, वह सराहनीय है। हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन असली जीत उस उत्साह और सहभागिता की है जो पूरे गांव में देखने को मिली। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इतना सफल आयोजन करना गांव की एकजुटता का प्रतीक है।
आयोजन समिति और ग्रामवासियों का रहा विशेष योगदान
इस सफल आयोजन में महेंद्र विश्वकर्मा, सुशांत दास, बालेश्वर पाटनवार, भाऊ सिंह, रुततम सिंह, विपिन गोस्वामी, चंद्रकुमार यादव, राजेश्वर यादव, अमरदास, देवेंद्र कौशिक, रेशम सिंह, सूर्यांश, अर्जुनदास, पवन दास सहित आयोजन समिति के सभी सदस्यों एवं ग्रामवासियों का विशेष योगदान रहा। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को यादगार बना दिया।








