रायपुर संभाग

बीजापुर एनकाउंटर: जवानों ने 5 नक्सलियों को उतारा मौत के घाट

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई जबरदस्त मुठभेड़ में 5 माओवादी मारे गए हैं। यह सफलता उस समय मिली जब जवान जंगल क्षेत्र में माओवादी विरोधी तलाशी अभियान और क्षेत्र नियंत्रण की कार्रवाई कर रहे थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबल बीजापुर के करेगुट्टा क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी नक्सलियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में 5 नक्सली मारे गए। फिलहाल मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है और मौके से बरामद हथियारों व गोला-बारूद का विवरण आना अभी बाकी है। वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

4 दिनों में नक्सलियों की कमर टूटी

बीजापुर में पिछले चार दिनों से जारी इस विशेष अभियान में जवानों ने नक्सलियों के नेटवर्क को भारी नुकसान पहुँचाया है। सुरक्षाबलों ने अब तक 214 नक्सली ठिकानों और बंकरों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। 450 IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद किए गए हैं, जो बड़े हमलों के लिए लगाए गए थे। 818 BGL शेल और 899 बंडल कोडेक्स सहित भारी मात्रा में डेटोनेटर जब्त किए गए है।

ख़बर को शेयर करें

Regional Desk

Regional Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button