बिलासपुर संभाग

चंद्रग्रहण से बदला समीकरण : तीन दिन की होली इस बार पुलिस-प्रशासन के लिए बना कड़ा चैलेंज

दो प्रमुख धर्मों के पर्व साथ, भाईचारे और सामंजस्य दिखाने का सुनहरा अवसर , प्यार का रंग घोलें : तहसीलदार अग्रवाल

सीपत (हिमांशु गुप्ता):– इस बार 3 मार्च को चंद्रग्रहण के कारण होलिका दहन की तिथि को लेकर बने असमंजस ने सीपत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को चुनौतीपूर्ण बना दिया है। कुछ गांवों में 2 मार्च की रात होलिका दहन होगा, तो कुछ में 3 मार्च को, जबकि रंगोत्सव 4 मार्च को मनाया जाएगा। ऐसे में लगातार तीन दिन 2, 3 और 4 मार्च तक शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ा चैलेंज बन गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अभी से कमर कस ली है। रविवार को सीपत थाना परिसर में शांति समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार सोनू अग्रवाल ने की तथा थाना प्रभारी राजेश मिश्रा विशेष रूप से मौजूद रहे।

होली प्रेम और परंपरा का पर्व, हुड़दंगियों पर सख्ती तय — तहसीलदार सोनू अग्रवाल

तहसीलदार सोनू अग्रवाल ने कहा कि होली और रमजान जैसे महत्वपूर्ण पर्व एक साथ पड़ना आपसी भाईचारे की मिसाल पेश करने का अवसर है। उन्होंने साफ कहा कि त्योहार के नाम पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अपील की कि केमिकलयुक्त रंगों से परहेज करें, जो लोग होली नहीं खेलना चाहते उन्हें जबरदस्ती रंग न लगाया जाए। सड़क रोककर अवैध वसूली पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। मुखौटे पहनने पर भी सख्ती रहेगी क्योंकि कई अपराध मुखौटे की आड़ में होते हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि होली का असली रंग प्रेम और संस्कार है। टीका लगाकर बड़ों का आशीर्वाद लेने की परंपरा को जीवित रखें, समाज को नशे से दूर रखें और मिलजुलकर पर्व मनाएं।

चार पेट्रोलिंग दल, हर दिशा में रहेगी कड़ी नजर , हुड़दंग करने वाले जाएंगे जेल : टीआई राजेश मिश्रा

थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि तीन दिनों तक क्षेत्र में विशेष निगरानी रहेगी। चारों दिशाओं में गश्त और प्वाइंट पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। चार पेट्रोलिंग पार्टी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करेगी। उन्होंने निवेदन किया कि यथासंभव रात्रि 10 बजे तक होलिका दहन संपन्न करें। होलिका स्थल पर ज्वलनशील पदार्थ न रखें। राहगीरों को परेशान करने, रोड जाम करने या मोहल्लों में उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने कहा कि शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को सीधे जेल भेजा जाएगा। कानफोड़ू साइलेंसर, तेज हॉर्न, नशे में तीन सवारी वाहन चलाना और डीजे बजाना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। व्यापारियों से उन्होंने सीसीटीवी कैमरे बेहतर गुणवत्ता के लगाने और सड़क कवर करने की अपील की, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सहयोग मिल सके।

सूचना देने वालों की पहचान रहे गोपनीय , तभी बढ़ेगा भरोसा और रुकेगा हुड़दंग : मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा का पुलिस से आग्रह

भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने कहा कि हुड़दंगियों की जानकारी देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाए,
जिससे लोग निडर होकर प्रशासन का सहयोग कर सकें। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस मित्रों को सक्रिय करने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष गश्त बढ़ाने और सतर्कता बनाए रखने का सुझाव दिया। खम्हरिया मड़ई के जनप्रतिनिधियों ने विशेष गश्त की मांग रखी। बैठक का संचालन पत्रकार रियाज अशरफी ने किया। बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, जनपद अध्यक्ष सरस्वती सोनवानी, जनपद सभापति मनोज खरे, सेलर सरपंच धनंजय ठाकुर, देवेश शर्मा, सरपंच संघ अध्यक्ष प्रतिनिधि शैलेन्द्र खांडेकर, पूर्व जिपं. सदस्य अशोक सूर्यवंशी, भाजयुमो जिला महामंत्री तुषार चंद्राकर, संदीप गुप्ता , मड़ई सरपंच फिरत अनंत, एमनलाल साहू, मुमताज खान, ऊनी सरपंच देव कुमार साहू, मटियारी सरपंच सतीश केशर, पंधी सरपंच वीरेंद्र कुमार साहू, हरदाडीह सरपंच मंगलराम नेताम , कुली सरपंच बलराम वस्त्रकार, जांजी सरपंच प्रतिनिधि राजेंद्र पाटले, भीलमी सरपंच कुशल वर्मा, पोड़ी सरपंच सूर्यप्रकाश शेष, जयशंकर साहू, कौड़िया सरपंच प्रतिनिधि धनेश्वर साहू, सोंठी सरपंच श्रीमती नीमा वस्त्रकार, श्रीमती किरण पाटले, प्रमोद शर्मा, कुलेश्वर पाटनवार, बरेली सरपंच खिलावन सिंह, डग़निया सरपंच जितेंद्र पटेल, ठरकपुर सरपंच चंद्रभूषण कश्यप, भागवत यादव, गया फरवे, मनबोध साहू, वृंदा सूर्यवंशी, गोपीचंद वर्मा, उमेश कश्यप सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं पत्रकार उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन के साथ मिलकर शांति और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दोहराया। सीपत क्षेत्र में इस बार होली सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि अनुशासन और जिम्मेदारी का पर्व होगी। लगातार तीन दिन तक प्रशासन पूरी मुस्तैदी से तैनात रहेगा।
साफ संकेत है — त्योहार शांति से मनाएं, कानून तोड़ने की कोशिश की तो कार्रवाई तय है।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button