मस्तूरी को 9.28 करोड़ की विकास सौगात : विधायक दिलीप लहरिया के प्रयासों से सिंचाई, पर्यटन और धार्मिक कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति
किसानों, युवाओं और आम जनता की सुविधाएं हमारी पहली प्राथमिकता : दिलीप लहरिया


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र को बड़ी विकासात्मक सौगात मिली है। दिलीप लहरिया के सतत प्रयासों से क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों हेतु कुल 9 करोड़ 28 लाख 21 हजार की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से सिंचाई योजनाओं के सुदृढ़ीकरण, पर्यटन संवर्धन एवं धार्मिक स्थल निर्माण के कार्य किए जाएंगे।
धार्मिक स्थल को संवारने की पहल , बोईरपड़ाव नेचर कैम्प का उन्नयन :-
ग्राम कनई (खोंधरा) कनई बीट कक्ष क्रमांक 42 आरएफ 01 में नग देवगुड़ी निर्माण कार्य के लिए 5.00 लाख की स्वीकृति दी गई है। इससे स्थानीय आस्था केंद्र का विकास होगा और क्षेत्रीय संस्कृति को मजबूती मिलेगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बोईरपड़ाव नेचर कैम्प (खोंधरा) के जीर्णोद्धार व उन्नयन के लिए ₹14.90 लाख स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से कैम्प मरम्मत एवं उन्नयन, किचन निर्माण व इक्विपमेंट, स्टाल निर्माण, गार्डन विकास, किड्स प्ले जोन, वॉच टावर एवं ट्री हाउस मेंटेनेंस सहित अन्य कार्य संपन्न होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ करने के लिए दो प्रमुख योजनाओं को स्वीकृति मिली है इसमें भरारी व्यपवर्तन योजना (मस्तूरी) में जलद्वारों व उपकरणों की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार हेतु 1,28,45,000
पोड़ी जलाशय योजना सुदृढ़ीकरण (मस्तूरी) के लिए 7,79,86,000
इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि की संभावना है। छग विधानसभा के उपसचेतक व मस्तूरी विधायक।दिलीप लहरिया ने कहा कि मस्तूरी विधानसभा के सर्वांगीण विकास के लिए मेरा प्रयास निरंतर जारी है। किसानों की सिंचाई, युवाओं के रोजगार और क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए आगे भी बड़ी स्वीकृतियां लाने का प्रयास करूंगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की स्वीकृति क्षेत्र की प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इन योजनाओं के पूरा होने से जनता को सीधा लाभ मिलेगा। विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रवासियों ने इन स्वीकृतियों को मस्तूरी के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक दिलीप लहरिया के प्रति आभार व्यक्त किया है। यह स्वीकृति मस्तूरी क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।







