बिलासपुर संभाग

खेल से निखरती है प्रतिभा और बनता है मजबूत समाज — चित्रकांत श्रीवास

देवरी प्रीमियर लीग का खिताब लिमतरा के नाम, 22 रन से रोमांचक जीत

सीपत (हिमांशु गुप्ता)। ग्राम देवरी में आयोजित देवरी प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लिमतरा टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिल्हाटी टीम 10 विकेट खोकर 73 रन पर सिमट गई। इस प्रकार लिमतरा टीम ने 22 रन से शानदार जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। विजेता लिमतरा टीम को 25,000 की इनामी राशि व आकर्षक कप प्रदान किया गया, जबकि उपविजेता चिल्हाटी टीम को 15,000 व कप से सम्मानित किया गया। तृतीय स्थान पर ग्राम जांजी की टीम रही, जिसे ₹7,000 व कप प्रदान किया गया। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आयुष यादव को मिला, जबकि मैन ऑफ द सीरीज का खिताब सौरभ मिश्रा ने अपने नाम किया।


गांव की प्रतिभा को मंच देना सबसे बड़ा दायित्व : चित्रकांत श्रीवास
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चित्रकांत श्रीवास (केश शिल्पी कल्याण बोर्ड उपाध्यक्ष) उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। खेल से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य मजबूत होता है तथा अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन गांवों में छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। श्रीवास ने विजेता टीम लिमतरा तथा आयोजन समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत देवरी के सरपंच प्रतिनिधि रूपचंद रात्रे ने की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गांव में इस तरह के भव्य आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं। उन्होंने आयोजन समिति को बधाई देते हुए भविष्य में और भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मनोहर पात्रे, भोलू वस्त्रकर (उपसरपंच), मोनू सिदार, सागर यादव, सोमनाथ सूर्यवंशी, राजेश यादव, विकास वस्त्रकर, देव जोशी, शिवा भारद्वाज, विशाल यादव, राजा यादव, राकेश यादव, अशोक राठौर, सरवन यादव, राजू वस्त्रकर, ओमप्रकाश यादव, विकास मिश्रा सहित गांव के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। देवरी प्रीमियर लीग का यह आयोजन न केवल खेल भावना का उत्सव बना, बल्कि गांव की एकजुटता और युवा ऊर्जा का भी प्रतीक साबित हुआ।

ख़बर को शेयर करें

Back to top button