समाज की एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है, विकास के लिए हर संभव सहयोग देंगे — चंद्रप्रकाश सूर्या
अखिल भारतीय अघरिया समाज के वार्षिक सम्मेलन में होली मिलन, आय-व्यय का प्रस्तुतिकरण और समाजिक मुद्दों पर मंथन; शौचालय व सामुदायिक भवन के लिए राशि देने की घोषणा


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :– अखिल भारतीय अघरिया समाज का वार्षिक सम्मेलन रविवार 15 मार्च को प्रातः 11:00 बजे से उत्साह और सामाजिक एकजुटता के माहौल में आयोजित किया गया। सम्मेलन में समाज के विकास, संगठन की मजबूती और विभिन्न सामाजिक विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में होली मिलन समारोह भी आयोजित हुआ, जिससे पूरे आयोजन में सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत बिलासपुर के अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी रहे। अति विशिष्ट अतिथि के रूप में चंद्रप्रकाश सूर्या प्रदेश महामंत्री (अ.जा) एवं जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि बिलासपुर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दामोदरकांत सदस्य जिला पंचायत बिलासपुर, श्रीमती तारेश्वरी नायक सहसंयोजक केंद्रीय समिति रायगढ़, श्रीमती शशि पटेल सहसंयोजक केंद्रीय समिति रायगढ़, श्रीमती सीता पटेल सहसंयोजक केंद्रीय समिति रायगढ़ तथा कार्यक्रम के सम्माननीय अध्यक्ष श्री कुशल प्रसाद पटेल सहित अखिल भारतीय समाज बिलासपुर ग्रामीण की समस्त कार्यकारिणी, केंद्रीय समिति के सदस्य, परीक्षेत्रीय अध्यक्ष, ग्राम प्रमुख, संरक्षक एवं समाज के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सम्मेलन में वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया और उसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। साथ ही विवाह योग्य युवक-युवतियों के संबंध में चर्चा कर समाज में आपसी समन्वय और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।।अतिविशिष्ट अतिथि चंद्रप्रकाश सूर्या ने अपने संबोधन में कहा कि अघरिया समाज हमेशा से अपनी एकता और संस्कारों के लिए जाना जाता है। समाज की एकजुटता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और समाज के विकास के लिए हम हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने नवागांव में शौचालय निर्माण के लिए राशि देने की घोषणा भी की, जिस पर उपस्थित समाजजनों ने उनका जोरदार स्वागत किया।
मुख्य अतिथि राजेश सूर्यवंशी ने भी समाज के विकास और संगठन की मजबूती की सराहना करते हुए सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार के लिए राशि देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि समाज के सामुदायिक भवन सामाजिक गतिविधियों का केंद्र होते हैं और इनके सुदृढ़ होने से समाजिक एकजुटता और मजबूत होती है। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने समाजजनों का अभिवादन करते हुए अघरिया समाज की प्रगति और एकता के लिए शुभकामनाएं दीं तथा समाज को शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर भाजपा के सदस्यगणों में जागेंद्र कश्यप जी (जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि), श्यामलाल पटेल जी (मंडल महामंत्री), भास्कर पटेल जी (जिला युवा मोर्चा उपाध्यक्ष एवं जनपद सदस्य), परदेसी जगत, विनोद शर्मा जी, रामपाल पटेल जी, हर्ष केडिया जी, हिरेंद्र पटेल (युवा मोर्चा उपाध्यक्ष जयरामनगर गतौरा मंडल) भी उपस्थित रहे। समाज के प्रमुख जनों में सतीराम पटेल (अखिल भारतीय अघरिया समाज वरिष्ठ उपाध्यक्ष), परमेश्वर पटेल, बृजमोहन पटेल, तीरिथ पटेल, मुरलीधर पटेल, गोपीनाथ पटेल, रामप्रसाद पटेल, संजय पटेल, प्रतीक पटेल सहित सगा समाज के सभी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन समाज की एकता और विकास के संकल्प के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का अद्भुत वातावरण देखने को मिला, जिससे यह सम्मेलन सफल और यादगार बन गया।










