उल्लास नवभारत साक्षरता महाभियान की कल महापरीक्षा, मस्तूरी ब्लॉक के 201 केंद्रों पर हजारों शिक्षार्थी होंगे शामिल


सीपत (हिमांशु गुप्ता) :— शिक्षा की मुख्यधारा से दूर रहे 15 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुषों को साक्षर बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत कल 22 मार्च (रविवार) को राज्यव्यापी महापरीक्षा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी, जिसके लिए जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मस्तूरी विकासखंड में इस महाभियान के अंतर्गत कुल 201 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में शिक्षार्थी शामिल होंगे। जिला कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण श्री संजय अग्रवाल ने नेवता पाती एवं आव्हान के माध्यम से जनप्रतिनिधियों और ग्रामवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़कर इसे सफल बनाएं। जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने जानकारी दी कि शिक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके नजदीकी प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, ताकि किसी को असुविधा न हो। जिला नोडल अधिकारी साक्षर भारत जे. के. पाटले के अनुसार, इस परीक्षा में शिक्षार्थियों का मूल्यांकन पढ़ना, लिखना एवं गणित इन तीन विषयों पर लिखित रूप से किया जाएगा। सभी केंद्रों पर केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। मस्तूरी विकासखंड शिक्षा अधिकारी शिवराम टंडन ने परीक्षा दिवस से पूर्व व्यापक जनजागरण अभियान चलाते हुए कोटवारों के माध्यम से मुनादी, रैली, नारा लेखन एवं वातावरण निर्माण कराया। उन्होंने सभी से इस राष्ट्रव्यापी अभियान को सफल बनाने हेतु सक्रिय सहभागिता की अपील की है। ब्लॉक नोडल साक्षर भारत अभियान राजेश सिंह क्षत्री ने बताया कि इस योजना के तहत सफल शिक्षार्थियों को राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान , दिल्ली द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को बोनस अंक भी दिए जाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्देशित किया है कि वे कम से कम 10 शिक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने में सहयोग करें। इस महाभियान को सफल बनाने में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी रुद्रेश्वर प्रसाद एक्का, योगेश कौशिक, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सूरज कुमार क्षत्री, सहायक ब्लॉक नोडल साक्षर भारत शिवनाथ यादव एवं नरेंद्र त्रिपाठी सहित समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। साक्षरता के इस महाअभियान से न केवल लोगों को पढ़ने-लिखने का अवसर मिलेगा, बल्कि वे आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ा सकेंगे।






