CG News: नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षद पर FIR, CMO के गंभीर आरोपों से मचा हड़कंप


जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के अकलतरा में अकलतरा तालाब विवाद ने तूल पकड़ लिया है। नगर पालिका के सीएमओ ने अध्यक्ष और एक पार्षद पर बिना शासन की अनुमति और परिषद की मंजूरी के गोपिया तालाब को सुखाने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिना अनुमति तालाब तोड़ने का आरोप
सीएमओ के अनुसार, भीषण गर्मी के बीच जल संरक्षण बेहद जरूरी है। इसके बावजूद नगर पालिका अध्यक्ष दीप्ती रोहित सारथी, विवेक सिंह और पार्षद रुखमणी पर जेसीबी मशीन से तालाब को तोड़कर पानी बहाने का आरोप है। स्थानीय वार्डवासियों और अन्य पार्षदों ने इस कार्रवाई को रोकने की कोशिश भी की।
जल संकट की बढ़ी चिंता
इस घटना से क्षेत्र में जल स्तर गिरने और नल सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। साथ ही पेयजल और दैनिक उपयोग के पानी की समस्या भी बढ़ सकती है। सीएमओ ने बताया कि पहले भी समझाइश देकर काम रोका गया था, लेकिन दोबारा तालाब को नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सीएमओ की शिकायत पर अकलतरा थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। सीएसपी योगीता खापर्डे ने पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







