छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागरायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ में बर्ड फ्लू का तांडव,खुले में फेंकी जा रही मृत मुर्गियों से दहशत

छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जानलेवा H5N1 वायरस (बर्ड फ्लू) की दस्तक से हड़कंप मचा हुआ है । एक तरफ प्रशासन संक्रमण रोकने के लिए सख्त कदम उठा रहा है, वहीं दूसरी तरफ शहर के कुछ इलाकों में भारी लापरवाही ने लोगों की जान जोखिम में डाल दी है। ताजा मामला तखतपुर-नगोई बायपास और ड्रीम सिटी के पास खुले में मृत मुर्गियां फेंके जाने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

लापरवाही की इंतहा: सड़कों पर फेंकी जा रही हैं ‘मौत’ की बोरियां
बिलासपुर के तखतपुर-नगोई नए बायपास रोड और खमतराई स्थित ड्रीम सिटी के पास के मैदानों से दिल दहला देने वाली तस्वीरें सामने आई हैं। यहाँ अज्ञात लोगों द्वारा बड़ी संख्या में मृत मुर्गियों को बोरियों में भरकर खुले में फेंक दिया गया है।मृत पक्षियों के सड़ने से उठ रही बदबू और संक्रमण के डर से स्थानीय निवासी दहशत में हैं।सूचना मिलते ही प्रशासन ने इन मुर्गियों को सुरक्षित तरीके से डिस्पोज (निपटान) करने के निर्देश दिए हैं, लेकिन इस कृत्य ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की निगरानी पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Ai Image

कलेक्टर के सख्त निर्देश: ‘इन्फेक्टेड’ और ‘सर्विलांस’ जोन घोषित
बर्ड फ्लू की पुष्टि होते ही बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए शहर को दो हिस्सों में बांटा गया है:

इन्फेक्टेड जोन (1 KM दायरा) : बिलासपुर के रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्ड को पूरी तरह संक्रमित क्षेत्र घोषित किया गया है।

सर्विलांस जोन (10 KM दायरा): संक्रमण प्रभावित केंद्र से 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाले इलाकों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

पोल्ट्री गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध
प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से निम्नलिखित पाबंदियां लागू कर दी हैं बिक्री और परिवहन पर रोक: प्रभावित इलाकों में मुर्गा, अंडा और अन्य पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। चिकन और अंडे की सभी दुकानों को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश दिए गए हैं।किसी भी प्रकार की होम डिलीवरी सेवा पर रोक लगा दी गई है शहर की सीमाओं और प्रभावित वार्डों के प्रवेश द्वार पर चेकपोस्ट बनाकर निगरानी की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: कर्मचारियों का होगा परीक्षण
पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति के लिए जिला कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रशासन ने अपील की है कि लोग पक्षियों के सीधे संपर्क में न आएं और संदिग्ध स्थिति दिखने पर तुरंत जानकारी दें।

सावधानी ही बचाव है : बर्ड फ्लू (H5N1) एक संक्रामक बीमारी है जो पक्षियों से इंसानों में फैल सकती है। किसी भी मृत पक्षी की जानकारी मिलने पर उसे छुएं नहीं, तुरंत नगर निगम या पशुपालन विभाग को सूचित करें।

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button