छत्तीसगढ़बिलासपुर संभागसरगुजा संभाग

NHM कर्मचारियों को अंतिम मौका, नहीं तो सोमवार से शुरु होगी नई भर्ती

छत्तीसगढ़ में नियमितीकरण समेत 10 मांगों को लेकर NHM संविदा कर्मचारियों की हड़ताल महिने भर से ज्यादा हो गई है, सरकार ने 16 सितंबर तक सभी कर्मचारियों को काम पर लौटने का फाइनल अल्टीमेटम दिया था। लेकिन कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखी। अब प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा है कि शुक्रवार शाम 5 बजे तक कर्मचारी अपनी स्ट्राइक खत्म करें। नहीं तो सभी को एक साथ बर्खास्त कर दिया जाएगा। सोमवार नई भर्ती शुरू कर दी जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा- बचे हुए तीन मांगों के लिए एक कमेटी बनाई गई है। जिस पर चर्चा की जा रही है। NHM के हड़ताल के चलते प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई है। उन्होंने आगे कहा कि, मामले में NHM कर्मचारियों की मांगों को लेकर बातचीत हुई है इस दौरान उन्होंने अपनी सहमति जताई है।

काम पर लौटने की उम्मीद
जायसवाल ने कहा- NHM कर्मचारियों से बातचीत और मांगे पूरी होने के बाद काम पर लौट जायेंगे। जिसके बाद प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं यथावत हो जाएगी। बता दें कि, हड़ताल के दौरान सरकार ने कई कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। साथ ही अन्य को काम पर लौटने के लिए अल्टीमेटम भी जारी किया था।

काम पर नहीं लौटे तो करेंगे नई भर्ती – जायसवाल
प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री जायसवाल ने कहा कि, अगर कर्मचारी अपनी हड़ताल बंद करके काम पर नहीं लौटेंगे तो हमें नई भर्तियों पर विचार करना होगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा- इसके लिए दो- तीन दिन के भीतर विज्ञापन जारी कर दिया जायेगा।

इससे पहले बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर 3 संभाग के 10 हजार कर्मचारियों ने गुरुवार को नया रायपुर में जेल भरो आंदोलन किया था। प्रशासन ने राजेश्वर मैदान को लगभग डेढ़ घंटे तक एक प्रतीकात्मक जेल के तौर पर बदल दिया था। डेढ़ घंटे तक इस प्रतीकात्मक जेल में यह कर्मचारी बंद रहे। इसके बाद हर कर्मचारी का नाम और हस्ताक्षर लिए गए और उन्हें छोड़ दिया गया।

NHM संविदा कर्मचारियों की हड़ताल का आज 33वां दिन
इधर सरकार ने एक्शन लेते हुए 17 सितंबर को सूरजपुर जिले में 594 कर्मचारियों की सेवा खत्म कर दी है। इससे पहले यानी 16 सितंबर को बलौदाबाजार और कोरबा में 200 कर्मचारी को नौकरी से निकाला दिया गया। बलौदाबाजार के 160 और कोरबा के लगभग 21 कर्मचारियों को एक मुश्त नौकरी से निकाला गया था।

कर्मचारियों की प्रमुख 10 मांगें
संविलियन और स्थायीकरण
पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना
ग्रेड पे निर्धारण
लंबित 27% वेतन वृद्धि
CR सिस्टम में पारदर्शिता
रेगुलर भर्ती में आरक्षण
अनुकंपा नियुक्ति
मेडिकल और अन्य छुट्टियों की सुविधा
ट्रांसफर पॉलिसी
10 लाख तक कैश-लेस मेडिकल इंश्योरेंस

ख़बर को शेयर करें

news36Desk

news36 Desk में अनुभवी पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की पूरी एक टीम है जो देश दुनिया की हर खबर पर पैनी नजर बनाए रखते है जो आपके लिए लेकर आते है नवीनतम समाचार और शोधपरक लेख
Back to top button