Bihar Election 2025: पहले चरण में 64.46% हुई वोटिंग, महिला मतदाताओं की भागीदारी रही बेहतर

Bihar Election 2025 के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान हुआ। बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनोद गुंज्याल ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान बताया कि पहले फेज में 64.46 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि मतदान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और लोगों में लोकतंत्र के प्रति जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
गुंज्याल ने बताया कि पहले चरण में कुल 45 हजार 341 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इनमें से 8,608 केंद्र शहरी और 36,733 केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में थे। इस चरण में लगभग 3 करोड़ 75 लाख मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें एक करोड़ 98 लाख पुरुष और एक करोड़ 76 लाख महिलाएं शामिल थीं। उन्होंने बताया कि इस बार महिला मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही, जो बिहार की राजनीति में एक सकारात्मक संकेत है।
पहले चरण में कुल 1,314 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। इनमें 1,192 पुरुष और 122 महिला उम्मीदवार शामिल थीं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग ने सभी जिलों में शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे।






