छत्तीसगढ़ में अब 6 करोड़ का अवैध धान जब्त, पड़ोसी राज्यो के रास्ते ला कर खपाने की थी तैयारी

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान के दौरान प्रशासन ने 19,320 क्विंटल अवैध धान तस्करों से जब्त किया। महासमुंद और बलरामपुर जिलों में सबसे ज्यादा कार्रवाई हुई। जानिए पूरी खबर और आंकड़े।
छत्तीसगढ़ सरकार ने 15 नवंबर से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान खरीदी का अभियान शुरू कर दिया है। किसानों को लाभ दिलाने के उद्देश्य से इस वर्ष खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए हैं।
अवैध धान तस्करी पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई
अभियान के दौरान प्रशासन ने 1 नवंबर से 16 नवंबर तक अवैध रूप से दूसरे राज्यों से लाए जा रहे धान के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। रिपोर्ट के अनुसार, टास्क फोर्स की मुस्तैदी से पूरे प्रदेश में 19,320 क्विंटल धान जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है।
महासमुंद और बलरामपुर में सबसे ज्यादा जब्ती
जब्त किए गए धान में महासमुंद जिले से सबसे ज्यादा 4,266 क्विंटल और बलरामपुर जिले से 4,139 क्विंटल धान तस्करों से बरामद किया गया। इन तस्करों ने यूपी, एमपी और ओडिशा से धान छत्तीसगढ़ लाकर बेचने की कोशिश की थी।
तड़के पुलिस ने फिल्मी अंदाज में तस्करों की गाड़ी पकड़ी
15 नवंबर की सुबह करीब साढ़े तीन बजे, पुलिस टीम ने फिल्मी अंदाज में करीब साढ़े चार किलोमीटर तक पीछा कर तस्करों को पकड़ा। जांच में दोनों गाड़ियों से लगभग 200 बोरी अवैध धान बरामद हुए, जिनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था। पुलिस ने मामले में दोनों वाहनों को जब्त कर थाने भेज दिया।
अब तक प्रदेश में समर्थन मूल्य पर खरीदी हुई
वर्तमान में प्रदेशभर में 19,464 क्विंटल धान की MSP पर खरीदी की जा चुकी है। प्रशासन की लगातार सख्ती के चलते अवैध तस्करी पर बड़ा नियंत्रण देखने को मिल रहा है।






